खेत की रखवाली कर रहे किसान का गला रेत कर लूटा मोबाइल
Lucknow News - दीवानगंज में शनिवार रात एक किसान अरुण लोधी पर बदमाशों ने हमला कर दिया। गला रेतकर मोबाइल और रुपये लूटे गए। घायल किसान को रविवार सुबह पत्नी ने खेत में खून से लथपथ पाया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया...

दीवानगंज में खेत की रखवाली कर रहे किसान पर शनिवार रात बदमाशों ने हमला बोला। गला रेत कर बदमाश मोबाइल और रुपये लूट कर भाग गए। किसान रात भर खेत में खून से लथपथ पड़ा रहा। रविवार सुबह पत्नी के खेत पहुंचने पर वारदात का पता चला। घायल को एपेक्स ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। किसान की पत्नी ने तीन के खिलाफ जानलेवा हमला करने का मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने लूटे गए मोबाइल को सर्विलांस पर लिया है। घर से आधा किमी दूर हुई वारदात
किसान अरुण लोधी (45) का घर से करीब आधा किमी दूर खेत है। शनिवार रात खाना खाकर अरुण खेत पर सोने गया था। पत्नी सुमन ने पुलिस को बताया कि रविवार सुबह अरुण घर नहीं लौटा। मोबाइल स्विच ऑफ था। सुमन के खेत पहुंचने पर कमरे के बाहर पुआल के ढेर में अरुण खून से लथपथ पड़ा मिला। गले पर गहरा घाव था। वह बोल नहीं पा रहा था। सुमन के शोर मचाने पर ग्रामीण मदद के लिए पहुंचे। घायल को एपेक्स ट्रामा सेंटर ले जाया गया। सुमन के मुताबिक अरुण का मोबाइल फोन और करीब दो हजार रुपये बदमाश लूट ले गए हैं।
रिश्तेदारों पर हमला करने का लगाया आरोप
किसान की पत्नी ने गांव के ही तीन लोगों पर हमला करने का आरोप लगाया। पुलिस की जांच में पता चला कि जिस व्यक्ति पर हमला करने का आरोप है। वह पैर फ्रैक्चर होने की वजह से चल नहीं सकता। पूछताछ में जानकारी मिली कि किसान के बेटे ने विपक्षी की बेटी से दुराचार किया था। जिसके आरोप में किसान का बेटा बाल सुधार गृह में बंद है। यह तथ्य को भी जांच में शामिल किया गया है।
डॉग स्क्वायड और सर्विलांस टीम ने की जांच
गला रेत कर किसान की हत्या का प्रयास करने की सूचना पर पुलिस ने डॉग स्कवायड को बुलाया। खोजी कुत्ता खेत के आस-पास ही काफी देर तक घूमता रहा। वहीं, सर्विलांस टीम ने किसान अरुण के लूटे गए मोबाइल को सर्विलांस पर लिया है।
करीब पर हमले का शक
किसान अक्सर खेत पर ही सोता है। इस बात की जानकारी किसी करीबी को थी। देर रात खेत पर बने कमरे में सो रहे अरुण ने किसी परिचित के आने पर ही गेट खोला। पुलिस को कमरे से अलाव में अधजला पाउच और डिस्पोजबल गिलास भी मिला है।
वर्जन-
पत्नी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आधा दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। लूट की घटना नहीं है। किसी परिचित ने ही घटना को अंजाम दिया है। किसान का उपचार चल रहा है। रंजिश सहित अन्य पहलुओं पर पड़ताल की जा रही है।
रजनीश वर्मा एसीपी मोहनलालगंज
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।