
डेकोरेटर की मौत में युवती के पिता,भाई पर हत्या का केस, हंगामा
Lucknow News - - मलिहाबाद के मुजासा गांव में सोमवार देर शाम रेलवे ट्रैक पर मिला का शव डेकोरेटर की मौत में युवती के पिता,भाई पर हत्या का केस, हंगामा
मलिहाबाद के मुजासा गांव में डेकोरेटर विकास कुमार (20) की मौत से आक्रोशित परिवारीजनों ने हरदोई रोड पर मंगलवार दोपहर शव रखकर हंगामा किया। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी न होने तक अंतिम संस्कार करने से इंकार कर दिया। हंगामा बढ़ता देख पुलिस ने युवती के पिता और भाई के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इसके बाद पीड़ित परिवारीजनों ने हंगामा बंद कर शव अंतिम संस्कार के लिए ले गए। पाठकगंज निवासी रामगोपाल रावत का बेटा विकास रविवार को लापता हो गया था। उनका शव सोमवार को मुजासा गांव में रेलवे ट्रैक पर मिला था।
उन्होंने माल इलाके में रहने वाली युवती के पिता और भाई पर हत्या का आरोप लगाया था। राम गोपाल के मुताबिक, रविवार को विकास स्टेज सजाने की बात कहकर घर से निकला था। तब से उस वह नहीं लौटा था। राम गोपाल का आरोप है कि सोमवार सुबह माल क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली युवती का पिता और भाई घर पहुंचा था। उसने बेटे पर युवती को भगा ले जाने का आरोप लगाया। युवती की बरामदगी न होने पर बेटे को जान से मारने की धमकी दी थी। इसके बाद चले गए। परिवारीजन बेटे की खोजबीन कर रहे थे। इस बीच मुजासा गांव में रेलवे ट्रैक पर बेटे का शव शाम 4:30 मिला था। राम गोपाल ने युवती के पिता और भाई पर हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी थी। पोस्टमार्टम के बाद परिवारीजन शव लेकर मलिहाबाद में हरदोई रोड पर पहुंचे और मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा और प्रदर्शन करते रहे। इंस्पेक्टर सुरेंद्र भाटी पुलिस बल के साथ पहुंचे। उन्होंने समझाने का प्रयास किया पर परिवारीजनों ने आरोपियों पर मुकदमा दर्ज न होने तक अंतिम संस्कार करने से इंकार कर दिया। बवाल बढ़ता देख इंस्पेक्टर ने आरोपियों के खिलाफ हत्या और धमकी का मुकदमा दर्ज कराया। मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिवारीजन माने। वह शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए चले गए। इंस्पेक्टर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




