
लखनऊ में बड़ा रियल्टी फ्रॉड, फर्जी कंपनी ने 60+ लोगों से वसूले लाखों
Lucknow News - लखनऊ में राहुल श्रीवास्तव नामक व्यक्ति पर फर्जी रियल एस्टेट कंपनी बनाकर दर्जनों लोगों से नकली रजिस्ट्री और जमीन बेचने के नाम पर लाखों की ठगी करने का आरोप है। निगोहां पुलिस ने FIR दर्ज कर आरोपी के नेटवर्क और दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है।
लखनऊ में फर्जी रजिस्ट्री और जमीन के घोटाले का मामला सामने आया है। पुलिस को दी तहरीर में पीड़ित धर्मराज यादव ने बताया कि राहुल श्रीवास्तव नामक व्यक्ति ने रियल एस्टेट की नकली कंपनी बनाकर उन्हें दूसरे व्यक्ति की जमीन की रजिस्ट्री कराने का झांसा दिया। जांच में सामने आया कि जिस जमीन की रजिस्ट्री दिखाई गई थी, वह किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर दर्ज थी। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी ने मनगढ़ंत कंपनी का इस्तेमाल कर उसके अलावा दर्जनों लोगों से जमीन दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी कर चुका है।

तहरीर के आधार पर पर निगोहां थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार दस्तावेजों की जांच की जा रही है। आरोपी की भूमिका और उसकी फर्जी रियल एस्टेट कंपनी के नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है। निगोहां थाना प्रभारी अनुज तिवारी ने बताया कि मामला दर्ज कर पूरी जांच की जा रही है। पीड़ित अभय समेत ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी राहुल श्रीवास्तव ने टिकरा, भावाखेड़ा, हरवंशखेड़ समेत कई इलाकों में कई नामों से फर्जी प्लाटिंग साइटें बना रखी थीं।
ग्रामीणों के अनुसार, वह किसानों को जमीन अधिग्रहण का झांसा देकर मामूली रकम पर जमीन का कब्जा ले लेता था और फिर उसी जमीन के प्लॉट अलग-अलग लोगों को बेच देता था। आरोप है कि एक-एक प्लॉट को दर्जनों खरीदारों को फर्जी दस्तावेजों के आधार पर बेचकर उनसे मोटी रकम ऐंठी गई है। पीड़ितों ने बताया कि उन्होंने कई बार पुलिस में शिकायतें कीं, लेकिन आरोपी हर बार नए तरीके अपनाकर लोगों को ठगता रहा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




