ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश लखनऊफैजाबाद : सरयू का जलस्तर बढ़ने से शुरू हो गया पलायन

फैजाबाद : सरयू का जलस्तर बढ़ने से शुरू हो गया पलायन

सरयू नदी में लगातार जलस्तर बढ़ रहा है। पूरा बाजार ब्लॉक क्षेत्र के एकदर्जन गांवों में बाढ़ का पानी घुसने लगा है। जीवन को खतरा देख प्रभावित गांवों के लोगों ने सुरक्षित स्थान की ओर पलायन करना शुरू कर...

फैजाबाद : सरयू का जलस्तर बढ़ने से शुरू हो गया पलायन
हिन्दुस्तान संवाद,पूरा बाजार (फैजाबाद) Fri, 10 Aug 2018 05:10 PM
ऐप पर पढ़ें

सरयू नदी में लगातार जलस्तर बढ़ रहा है। पूरा बाजार ब्लॉक क्षेत्र के एकदर्जन गांवों में बाढ़ का पानी घुसने लगा है। जीवन को खतरा देख प्रभावित गांवों के लोगों ने सुरक्षित स्थान की ओर पलायन करना शुरू कर दिया है।
उन्होंने अपने मवेशियों को पहले ही बाढ़ से सुरक्षित गांवों में पहुंचा दिया है। अब अपनी जान बचाने के लिए घर छोड़ रहे हैं। पूरा बाजार ब्लॉक क्षेत्र के मूड़ाडीहा, सलेमपुर, पिपरी संग्राम, सेवरहवा, उरदहवा, बलुइया, गिलन्ट, लोनियाना, धनई का पुरवा, अवव्ल किता, रामपुर पुवारी माझा व मड़ना माझा में सरयू की बाढ़ का पानी भर रहा है। इन गांवों के लोग नाव पर अपना सामान लाद का सुरक्षित स्थानों पर जा रहे हैं।
कुछ लोग सामान समेट कर कछार के गांव में आने की तैयारी कर रहे हैं। मड़ना गांव के पूर्व प्रधान ओम प्रकाश यादव ने बताया कि बाढ़ से प्रभावित लोग पहले अपने मवेशियों को कछार के गांव में पहुंचा देते हैं। बाढ़ का पानी घर में घुसने लगता है तो खुद भी सामान लेकर सुरक्षित स्थानों पर चले जाते हैं।
मूड़ाडीहा गांव के प्रधान तेज बहादुर निषाद ने बताया कि उनके गांव के अधिकतर घर पिछली बार बाढ़ आने पर नदी में समा गए थे। इस बार बाढ़ ने अगर भयंकर रूप लिया तो गांव का अस्तित्व ही मिट जाएगा। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष की बाढ़ में उनका भी घर नदी में समा गया। सरयू नदी में लगातार जलस्तर बढ़ने के कारण राजा दशरथ के समाधि स्थल होते हुए पीड़ित गांव मूड़ाडीहा सहित अन्य गांव को जाने वाले मुख्य मार्ग पर भी पानी भर गया है। लोग जान जोखिम में डालकर पैदल आवागमन कर रहे हैं।
बाढ़ पीड़ित लोग नाव से अपना सामान नदी के किनारे ला रहे हैं। इसके बाद उसे सुरक्षित स्थान पर ले जाने के लिए ट्रैक्टर का सहारा लिया जा रहा है।
बाढ़ से प्रभावित गांवों के प्राइमरी स्कूलों एवं पूर्व माध्यमिक
विद्यालयों के चारों तरफ पानी भरता जा रहा है। इसी कारण अधिकतर बच्चों ने स्कूल आना बंद कर दिया है। शिक्षक ड्यूटी करने के लिए पानी में घुसकर स्कूल तक पहुंच रहे हैं। बाढ़ से पीड़ित लोगों के पलायन करने से प्रशासन ने नावों की संख्या बढ़ा दी है ताकि किसी को परेशानी न हो। प्रशासन के निर्देश पर लेखपाल प्रभावित गांवों में कैंप कर बाढ़ की स्थिति की जानकारी दे रहे हैं।
बाढ़ की स्थिति पर नजर रख रहे एसडीएम सदर मधुसूदन नागराज हुलगी ने बताया कि बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन कराया जा रहा है। रिपोर्ट मिलने के बाद शीघ्र ही बाढ़ पीड़ितों को सहायता धनराशि दी जाएगी। उन्होंने बताया कि बाढ़ की स्थिति पर नजर रखने के लिए लेखपालों को प्रभावित गांवों में लगाया गया है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें