
सेवामित्र व्यवस्था से एक कॉल पर मिलेंगे माली-मिस्त्री, रसोइया
संक्षेप: Lucknow News - -सेवामित्र समिति की गवर्निंग बॉडी की सातवीं बैठक संपन्न लखनऊ, विशेष
प्रमुख सचिव श्रम एवं सेवायोजन डा. एमके शन्मुगा सुन्दरम ने कहा कि सेवामित्र व्यवस्था का व्यापक प्रचार प्रसार किया जाए ताकि कौशल प्राप्त अभ्यर्थियों को स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं लोगों को घर बैठे एक कॉल पर घरेलू सेवायें जैसे इलेक्ट्रीशियन, कारपेंटर, माली, लोहार, रसोइया, राजमिस्त्री आदि की सेवायें उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि सरकारी विभागों द्वारा जेम पोर्टल के जरिए जो काम नहीं कराए जा रहे हैं, उन्हें सेवामित्र व्यवस्था के जरिए कराने की कार्यवाही को आगे बढ़ाया जाए। वे गुरुवार को प्रशिक्षण निदेशालय में सेवामित्र समिति की गवर्निंग बॉडी की सातवीं बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने निर्देश दिए कि सेवायोजन विभाग का एक समेकित वेबपेज 15 नवंबर तक लाइव कर दिया जाए।

सरकारी विभागों में सेवामित्र के माध्यम से कार्य कराये जाने हेतु वित्त विभाग से शासनादेश निर्गत कराने के संबंध में अवगत कराया गया कि सेवामित्र पोर्टल द्वारा आम नागरिकों हेतु दिन-प्रतिदिन की आवश्यकताओं के तहत अल्प समय की सेवाएं जैसे अप्लायंस रिपेयर, एसी सर्विस, इलेक्ट्रीशियन, प्लंबर, कारपेंटर, आईटी हार्डवेयर एण्ड सर्विसेस, आरओ सर्विसेस इत्यादि उपलब्ध है। इस प्रकार की सेवायें जेम पोर्टल से प्राप्त करने हेतु जेम पोर्टल पर सेवा क्रय संबंधी आवेदन करना होता है। अनुपलब्धता की स्थिति में जेम से प्राप्त प्रमाण पत्र के आधार पर दैनिक एवं तत्कालीन आवश्यकताओं के अन्तर्गत अल्प समय की सेवायें सेवामित्र पोर्टल से लिया जाना प्रस्तावित है। सेवामित्रों को मिलेगी टीशर्ट और कैप सेवामित्रों की पहचान एवं प्रमाणीकरण के लिए यूनीफॉर्म के रूप में उन्हें टीशर्ट एवं कैप उपलब्ध कराने के प्रस्ताव पर गवर्निंग बॉडी समिति की बैठक में सेवामित्रों को टीशर्ट एवं कैप उपलब्ध कराये जाने पर सहमति प्रदान की गयी। बैठक में सेवमित्र व्यवस्था को और प्रभावशाली बनाने हेतु समिति द्वारा सुझाव दिया गया कि बेबीशीटर, इवेंट प्लानर, केयर गिवर आदि सेवाओं को सेवामित्र पोर्टल से जोड़ने के निर्देश दिये गये। बैठक में नेहा प्रकाश निदेशक सेवायोजन, पूजा यादव सचिव बीओसी बोर्ड, सुशील कुमार विशेष सचिव न्याय, महेश कुमार भट्ट विशेष सचिव वित्त, नीलेश कुमार सिंह विशेष सचिव श्रम, देवेश मिश्र संयुक्त सचिव कार्मिक, अवनीन्द्र कुमार शुक्ल संयुक्त सचिव श्रम, पीके पुण्डीर अपर निदेशक सेवायोजन आदि उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




