दीपावली के आनंद के साथ पर्यावरण की भी रक्षा हो: राज्यपाल
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा है कि प्रकाश पर्व दीपावली को पूरे आनंद के साथ मनाएं लेकिन पर्यावरण की रक्षा का भी ध्यान रखें। आंदीबेन पटेल ने यह बात दीपावली के अवसर पर उनसे मिलने राजभवन पहुंचे गणमान्य...
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा है कि प्रकाश पर्व दीपावली को पूरे आनंद के साथ मनाएं लेकिन पर्यावरण की रक्षा का भी ध्यान रखें। आंदीबेन पटेल ने यह बात दीपावली के अवसर पर उनसे मिलने राजभवन पहुंचे गणमान्य लोगों से कही।
उन्होंने कहा कि प्रकाश का पर्व सबको आनंद और खुशियां दें यही मेरी मंगलकामनाएं हैं। लेकिन हम सब मिलकर यह कोशिश भी करें कि दीपावली के आनंद के साथ पर्यावरण की भी रक्षा हो। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि प्रशंसा की बात यह है कि समाज में पर्यावरण के प्रति तेजी से जागरूकता आई है।
रविवार को दीपावली के दिन राज्यपाल को दीपोत्सव की शुभकामनायें एवं बधाई देने प्रदेश के तमाम सरकार के मंत्रियों, प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के अलावा बड़ी संख्या में आम नागरिक भी राजभवन पहुंचे थे। इसमें लखनऊ की महापौर संयुक्ता भाटिया, नगर विकास मंत्री आशुतोष टण्डन, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) स्वाति सिंह, सुल्तानपुर के विधायक सीताराम एवं देवमणि, प्रमुख सचिव नवनीत सहगल, लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति एस पी सिंह, किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एमएलबी भट्ट, छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय कानपुर की कुलपति प्रो. नीलिमा गुप्ता, स्वामी मुरारी दास, डॉ. शिव शंकर त्रिपाठी समेत तमाम वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी भी शामिल थे। सभी ने राज्यपाल को दीपावली की शुभकामनायें एवं बधाई दी। इससे पूर्व राज्यपाल ने राजभवन के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं बच्चों से भेंट कर उन्हें बधाई दी। राज्यपाल ने बच्चों को उपहार स्वरूप मिष्ठान वितरित किया तथा सभी के मंगलमय जीवन की कामना की।