कार्यवाही वापस न हुईं तो 20 से आंदोलन करेंगे बिजली अभियंता

कार्यवाही वापस न हुईं तो 20 से आंदोलन करेंगे बिजली अभियंता

संक्षेप:

Lucknow News - -अभियंता संघ ने चरणबद्ध आंदोलन का किया ऐलान लखनऊ, विशेष संवाददाता।

Nov 06, 2025 08:42 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, लखनऊ
share

राज्य विद्युत परिषद अभियंता संघ ने अभियंताओं पर की गई कार्रवाई के विरोध में आंदोलन का ऐलान किया है। इसका कार्यक्रम भी गुरुवार को घोषित कर दिया गया। संघ के महासचिव जितेंद्र सिंह गुर्जर ने बताया कि आंदोलन 20 नवंबर से आरंभ होगा और इसे चरणबद्ध तरीके से चलाया जाएगा। जितेंद्र सिंह ने बताया कि अभियंता संघ की लखनऊ में हुई केंद्रीय कार्यकारिणी की बैठक में यह प्रस्ताव पारित किया गया है कि मार्च 2023 की हड़ताल के दौरान व वर्तमान आंदोलन के फलस्वरुप की गई समस्त उत्पीड़नात्मक कार्रवाई को प्रबंधन तत्काल वापस नहीं लेता है तो समस्त विद्युत अभियंता आंदोलन प्रारंभ करने को बाध्य होंगे।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

उन्होंने कहा कि ऊर्जा प्रबंधन यदि इन कार्रवाई को वापस नहीं लेता है तो 20 नवंबर से चरणबद्ध आंदोलन शुरू होगा। 20 से 28 नवंबर तक समस्त अभियंता ड्यूटी के दौरान काली पट्टी बांधेंगे। कार्यालय समय के बाद व भोजनावकाश के दौरान विरोध प्रदर्शन करेंगे। 24 नवंबर को पश्चिमांचल मुख्यालय मेरठ में, 25 नवंबर को दक्षिणांचल मुख्यालय आगरा में, 26 नवंबर पूर्वांचल मुख्यालय वाराणसी में, 27 नवंबर को केस्को मुख्यालय कानपुर और 28 नवंबर को मध्यांचल मुख्यालय लखनऊ में अभियंता विरोध प्रदर्शन करेंगे। 29 नवंबर ‘अभियंता संकल्प दिवस’ के अवसर पर केंद्रीय कार्यकारिणी की बैठक में ध्यानाकर्षण के अगले चरण के कार्यक्रम घोषित किये जाएंगे।