
जन्म प्रमाण पत्र में नाम संशोधन पर वसूली में कर्मचारी नपा
Lucknow News - मलिहाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जन्म प्रमाण पत्र में संशोधन के नाम पर महिला से पैसे वसूली करने वाले कर्मचारी को हटा दिया गया है। महिला ने शिकायत की थी कि कर्मचारी ने सुधार के लिए 950 रुपए लिए लेकिन छह महीने बाद भी कोई सुधार नहीं हुआ। सीएमओ ने मामले की जांच के लिए टीम गठित की है।
मलिहाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में बच्चे के जन्म प्रमाण पत्र में संशोधन कराने के नाम महिला से वसूली करने वाले कर्मचारी को हटा दिया गया है। सीएचसी स्तर से बनी जांच कमेटी ने आगे की कार्रवाई के लिए मामले की रिपोर्ट सीएमओ को भेज दी है। सीएमओ की तीन सदस्यीय टीम इस प्रकरण की जांच कर रही है। मलिहाबाद के मधवापुर निवासी अजीम की पत्नी नसरीन बानो ने मलिहाबाद सीएचसी में बेटे मो. फरहान को जन्म दिया था। सीएचसी की ओर से जारी किए गए जन्म प्रमाण पत्र में बच्चे का नाम गलत दर्ज हो गया था। इस गलती को सुधारने के लिए नसरीन छह मई को सीएचसी मलिहाबाद गईं।
नसरीन का आरोप है कि सीएचसी के कर्मचारी अमित कुमार वर्मा ने जन्म प्रमाण पत्र संशोधन के नाम पर दो बार में उनसे 950 रुपए वसूल लिए, लेकिन छह माह बाद भी जन्म प्रमाण पत्र में सुधार नहीं हो सका। नसरीन ने आरोप लगाया कि कर्मचारी उनसे और रुपए की लगातार मांग करता रहा। ऐसे में हताश परेशान पीड़िता ने छह नवंबर को मामले की शिकायत मलिहाबाद सीएचसी के अधीक्षक से की थी। सीएचसी अधीक्षक डॉ. अशोक ने बताया कि उन्होंने मामले की जांच के लिए टीम गठित की। टीम ने पीड़िता से बयान दर्ज किए। जांच में आरोपी दोषी पाया गया है। मामले की रिपोर्ट सीएमओ कार्यालय भेज दी गई। इसके अतिरिक्त सीएमओ कार्यालय से भी तीन सदस्यीय टीम का गठन करके जांच कराई जा यही है। आरोपी को उक्त पद से हटा दिया गया है। उसके स्थान पर दूसरे व्यक्ति को नियुक्त कार्य सौंपा गया है। आरोपी के विरुद्ध आगे की कार्रवाई सीएमओ के स्तर से की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




