कर्मचारी संगठनों ने दी आंदोलन की चेतावनी
Lucknow News - -पुरानी पेंशन बहाली, आठवें वेतन आयोग और रिक्त पदों पर भर्ती सहित

कर्मचारी संगठनों ने सरकार पर अनदेखी का आरोप लगाते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है। डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ भवन, लोक निर्माण विभाग में गत दिवस विभिन्न कर्मचारी संगठनों की अहम बैठक में सरकार की कर्मचारी विरोधी नीतियों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया गया। बैठक का आह्वान उत्तर प्रदेश कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष सुशील कुमार त्रिपाठी ने किया था।सभी वक्ताओं ने कहा कि कर्मचारी संगठनों की लगातार उपेक्षा हो रही है। पुरानी पेंशन बहाली, आठवें वेतन आयोग के गठन में देरी, रुके हुए महंगाई भत्ते और अन्य भत्तों की बहाली, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की भर्ती, विभिन्न विभागों में रिक्त पदों को भरने तथा मानव संपदा और कर्मयोगी योजना के नाम पर कर्मचारियों के उत्पीड़न जैसे मुद्दों पर आक्रोश जताया गया।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सरकार को नोटिस जारी कर इन मांगों का शीघ्र समाधान करने को कहा जाएगा। ऐसा नहीं होने पर प्रदेश के कर्मचारी, शिक्षक और पेंशनर्स व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होंगे। अगली बैठक 17 अप्रैल को होगी। इससे पूर्व सभी संगठनों ने एनडी द्विवेदी को अखिल भारतीय डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ का राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित होने पर सम्मानित किया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


