जानकीपुरम और मिर्जापुर में बिजली संकट गहराया, मंसूर नगर समेत दर्जनों मोहल्लों में अंधेरा
Lucknow News - लखनऊ के जानकीपुरम और मिर्जापुर क्षेत्र में बिजली संकट ने जीवन को प्रभावित कर दिया है। घंटों बिजली गुल रहने से लोग परेशान हैं। गर्मी में पंखे और कूलर बंद हैं, जिससे बच्चे बीमार हो रहे हैं। व्यापारियों को भी आर्थिक नुकसान हो रहा है। लोग विभाग से स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।
लखनऊ, वरिष्ठ संवाददाता। लेसा के न्यू कैम्पस उपकेंद्र के अंतर्गत आने वाले जानकीपुरम और मिर्जापुर क्षेत्र में इन दिनों बिजली संकट ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। मंसूर नगर सहित कई इलाकों में घंटों बिजली गुल रहने से लोगों का जीना दूभर हो गया है। बार-बार बाधित होती बिजली आपूर्ति और लगातार लंबी कटौती से नागरिकों में गहरा रोष व्याप्त है। स्थानीय निवासियों के अनुसार यह समस्या कोई एक-दो दिन की नहीं है, बल्कि लंबे समय से बिजली की आँख-मिचौली जारी है। कभी घंटों तक बिजली गायब रहती है तो कभी बार-बार आती-जाती रहती है, जिससे न घर का काम ढंग से हो पाता है और न ही चैन से बैठा जाता है।
रात के वक्त पूरे मोहल्लों में घुप्प अंधेरा छा जाता है, जिससे बुजुर्गों, बच्चों और महिलाओं को खासी परेशानी उठानी पड़ रही है।बढ़ती गर्मी के इस मौसम में बिजली का न रहना लोगों के लिए किसी आफत से कम नहीं है। पंखे और कूलर बंद पड़े हैं, घरों में उमस और गर्मी से बच्चे बीमार पड़ रहे हैं। जो लोग घर से काम करते हैं उनका कामकाज भी बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। इन्वर्टर और जनरेटर वाले लोग तो किसी तरह काम चला लेते हैं, लेकिन गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के पास कोई विकल्प नहीं है।लगातार बिजली कटौती का असर केवल घरों तक सीमित नहीं है। क्षेत्र के छोटे दुकानदार, व्यापारी और स्थानीय उद्यमी भी इस समस्या से त्रस्त हैं। बिजली न रहने से उनका रोजमर्रा का कारोबार प्रभावित हो रहा है और आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।स्थानीय निवासियों का कहना है कि बिजली विभाग को बार-बार शिकायतें दी जा चुकी हैं, लेकिन हर बार आश्वासन के अलावा कुछ हासिल नहीं हुआ। हेल्पलाइन पर फोन करने पर या तो जवाब नहीं मिलता या फिर घंटों इंतजार के बाद भी कोई तकनीकी टीम मौके पर नहीं पहुँचती। लोगों का कहना है कि लेसा अधिकारी समस्या की गंभीरता को समझने के बजाय आँखें मूँदे बैठे हैं।जानकारों का मानना है कि न्यू कैम्पस उपकेंद्र पर बढ़ते बिजली के भार और पुरानी पड़ चुकी लाइनों की वजह से यह स्थिति उत्पन्न हो रही है। ट्रांसफार्मर पर क्षमता से अधिक लोड होने के कारण बार-बार ट्रिपिंग होती है और आपूर्ति बाधित होती रहती है। क्षेत्र के लोगों ने लेसा के उच्च अधिकारियों और प्रशासन से माँग की है कि इस समस्या का स्थायी समाधान जल्द से जल्द किया जाए। पुरानी और जर्जर बिजली लाइनों को बदला जाए, ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई जाए और नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का निदान नहीं हुआ तो वे विभागीय कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन करने पर मजबूर होंगे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


