
मेमौरा बिजली संकट में सात इंजीनियरों पर गाज
Lucknow News - - मध्यांचल विद्युत निगम की एमडी ने सात इंजीनियरों को चार्जशीट दी - एमडी
लखनऊ, वरिष्ठ संवाददाता। मोहनलालगंज स्थित मेमौरा एयरफोर्स स्टेशन में हुए बिजली संकट के मामले में सात इंजीनियरों को चार्जशीट मिली है। तीन इंजीनियर पहले से ही निलंबित किए जा चुके हैं, जबकि चार और इंजीनियरों पर भी कार्रवाई की तलवार लटक रही है। मध्यांचल विद्युत निगम की एमडी रिया केजरीवाल ने पूरे मामले की जांच जानकीपुरम जोन के मुख्य अभियंता वीपी सिंह को सौंपी है। मालूम हो कि यह प्रकरण राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े अति संवेदनशील संस्था मेमौरा एयरफोर्स स्टेशन का है। स्टेशन पर विद्युत आपूर्ति के लिए करीब 20 किलोमीटर लम्बी अंडरग्राउंड लाइन बिछाई गई है। लाइन चालू होने के बाद स्टेशन को निर्बाध रूप से विद्युत आपूर्ति मिलने में परेशानी होती रही।
मई 2025 से सितम्बर 2025 के बीच लाइन में कई बार ट्रिपिंग हुई। इसे लेकर स्टेशन के अधिकारियों द्वारा विभाग को सूचित कर समस्या से अवगत कराया गया। संबंधित अधिकारियों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। मामला तब बिगड़ा जब एयरफोर्स के अधिकारियों ने पावर कॉरपोरेशन के चेयरमैन डा. आशीष गोयल से शिकायत की। इस पूरे प्रकरण में तत्कालीन अधिशासी अभियंता सुदेश कुमार, सहायक अभियंता संतविंदर यादव, श्याम वीर सिंह, विकास दीप, तत्कालीन जेई शाश्वत भूषण, आनन्द कुमार व ऋषि शुक्ला को आरोपी मानते हुए चार्जशीट दी गई है। तीन पहले से ही निलम्बित इस मामले में तत्कालीन जूनियर इंजीनियर शाश्वत भूषण, सहायक अभियंता श्यामवीर सिंह और एक्सईएन सुदेश कुमार को पहले ही निलम्बित किया जा चुका है। मुख्य अभियंता ने कार्य की निगरानी में शिथिलता बरतने के आरोप में जेई शाश्वत, एसडीओ श्याम वीर सिंह को सीधे तौर पर दोषी माना है। अधिशासी अभियंता सुदेश कुमार ने इन दोनों के कार्य की सत्यता की जांच न किए जाने के लिए उन्हें भी दोषी पाया गया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




