
बीआरडी अस्पताल में बिना मोबाइल पर्चा न बनने पर बुजुर्ग ने तीसरी मंजिल से कूदकर जान
Lucknow News - महानगर के भाऊराव देवरस अस्पताल में ओपीडी का पर्चा बनाने के लिए आभा ऐप की अनिवार्यता से आहत 83 वर्षीय सुखदेव सिंह ने अस्पताल की तीसरी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। उनके पास एंड्रॉयड फोन नहीं था,...
महानगर स्थित भाऊराव देवरस (बीआरडी) अस्पताल में ओपीडी का पर्चा आभा ऐप से ही बनाए जाने की बात से आहत बुजुर्ग मरीज ने अस्पताल की तीसरी मंजिल से कूदकर जान दे दी। बुजुर्ग के पास एंड्रॉयड फोन नहीं था। इसलिए उनको पर्चे की लाइन से बेदखल कर दिया गया था। पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है। अस्पताल के सीसीटीवी फुजेट चेक किए गए हैं। कर्मचारियों से मरीज के बारे में जानकारी ली है। ओल्ड महानगर निवासी सुखदेव सिंह (83) सोमवार को भाऊराव देवरस अस्पताल पहुंचे। उन्हें वायरल संक्रमण व डायबिटीज समेत दूसरी बीमारियां थीं। ओपीडी में डॉक्टर को दिखाने लिए सुखदेव पर्चा काउंटर की कतार में लगे थे।

आरोप है कि उनका नंबर आया तो कर्मचारी ने बताया कि आभा ऐप मोबाइल पर डाउनलोड करिए तभी ओपीडी पंजीकरण हो सकेगा। बुजुर्ग ने कहा कि मेरे पास एंड्रॉयड फोन नहीं है। इसके बाद बुजुर्ग लाइन से बाहर हो गए। दोपहर करीब एक बजे अस्पताल के पिछले हिस्से में किसी के गिरने की आवाज आई। अस्पताल के पिछले हिस्से में अर्बन हेल्थ पोस्ट का संचालन हो रहा है। आनन-फानन हेल्थ पोस्ट के संचालक खून से लथपथ बुजुर्ग को लेकर इमरजेंसी में पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने जांच पड़ताल के बाद बुजुर्ग को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन ने 112 पर फोन कर पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने कागजी कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




