नेपाली यात्रियों की बस में डंपर ने मारी टक्कर, बालबाल बचे
Lucknow News - मामूली चोटिल होकर सभी 43 यात्री सुरक्षित रामलला के दर्शन करने अयोध्या जा रहे थे

सीतापुर हाईवे पर मानपुर मंडी के पास रविवार दोपहर डंपर ने नेपाली तीर्थ यात्रियों की बस में टक्कर मार दी। घटना में मामूली रूप से नेपाली श्रद्धालु चोटिल हुए। बस में 43 तीर्थ यात्री थे। यह लोग कई धार्मिक स्थलों के दर्शन कर अयोध्या धाम रामलला के दर्शन करने जा रहे थे। हादसे के बाद पुलिस दोनों वाहनों को थाने ले गई। यात्री थाने पर ही घंटों बैठे रहे। पुलिस का कहना है कि मामले में कार्रवाई की जा रही है। नेपाल के 43 तीर्थ यात्रियों को लेकर एक बस काशी विश्वनाथ, चित्रकूट, बागेश्वर धाम, वृंदावन, मथुरा, हरिद्वार, ऋषिकेश और मां वैष्णो देवी आदि तीर्थ स्थलों के दर्शन कराने के बाद रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या जा रही थी।
रविवार की दोपहर करीब 2:30 बजे जब यह बस सीतापुर हाईवे पर इटौंजा के मानपुर मंडी के पास पहुंची, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने ओवरटेक करते हुए बस में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बस में सवार सभी यात्रियों को तेज झटका लगा। कई यात्री सीट से टकरा कर चोटिल भी हुए। बस के साइड व सामने का शीशा टूट गया। बस पलटते बची। यात्री शुभ नारायण महतो ने बताया कि टक्कर के बाद बस में बैठे सभी लोग हिल गए, लेकिन किसी को गंभीर चोट नहीं आई। महतो ने बताया कि डंपर चालक की लापरवाही से घटना हुई है। कहा एक बड़ा हादसा हो सकता था। नेपाल के लोगों को बस के जरिए यात्रा पर लेकर आए बद्री नारायण चौधरी ने बताया कि सभी यात्री इस घटना से परेशान हैं और रामलला के दर्शन करने से पहले ही इस मुसीबत में फंस गए हैं। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया। यात्री भी बस मालिक के इंतजार में थाने में ही रूके हुए हैं। यात्रियों को काफी दुश्वारियों का सामना करना पड़ा। थाना प्रभारी मार्कंडेय यादव का कहना है कि बस के मालिक का इंताजर किया जा रहा है। उनके आने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




