लखनऊ में ज्यादा फीस बढ़ाने वाले 10 से अधिक स्कूलों की जांच
डीएम के निर्देशों के बावजूद 10 से अधिक स्कूलों ने फीस में मनमानी वृद्धि की है। शिकायतों के बाद जांच कमेटी गठित की गई है। कमेटी स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों के बयानों की जांच करेगी। यदि शिकायतें सही पाई गईं, तो संबंधित स्कूलों को नोटिस भेजा जाएगा।

फीस पर डीएम के सख्त निर्देश के बावजूद मनमानी करने वाले 10 से अधिक स्कूलों पर शिकायत के बाद जांच शुरू हो गई है। डीएम ने इस मनमानी को गंभीरता से लेते हुए जांच कमेटी बनाई है। इस कमेटी की जांच में यदि शिकायत सही पाई गई तो संबंधित स्कूलों को नोटिस भेजकर कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी विशाख जी ने एसडीएम सदर की अध्यक्षता में कमेटी बनायी है। कमेटी स्कूल जाकर प्रबंधन के बयान लेगी। साथ ही अभिभावकों से मिलकर उनका भी पक्ष लेगी। डीएम ने बताया कि डीआईओएस को ई मेल और दफ्तर में लिखित रूप से कुल 13 शिकायतें फीस की नियम विरुद्ध बढ़ोतरी के संबंध में आई हैं।
अब कमेटी इन मामलों की जांच करेगी। एक दिन पहले ही जानकीपुरम स्थित निजी स्कूल के नए सत्र में बच्चों की 30 फीसदी फीस बढ़ाने का मामला भी सामने आया है। इस स्कूल में फीस बढ़ाने से भड़के अभिभावकों ने सोमवार को स्कूल के गेट पर प्रदर्शन किया था। साथ ही, अभिभावकों ने डीआईओएस कार्यालय की वेबसाइट पर शिकायत की थी। अभिभावकों ने प्रेप, पहली, दूसरी व तीसरी कक्षा में 800 रुपये से अधिक फीस बढ़ाए जाने का आरोप लगाया था। स्कूल प्रबंधन ने प्रेप में 2200 से तीन हजार और तीसरी क्लास में 2700 रुपये मासिक फीस से बढ़ाकर 3500 रुपये किया है। डीएम के अनुसार ऐसी और भी कई शिकायतें अलग अलग स्कूलों की आई हैं। ऐसे में एसडीएम सदर की अध्यक्षता में गठित कमेटी बुधवार को जांच शुरू करेगी। कमेटी जांच रिपोर्ट को जिला शुल्क नियामक समिति के समक्ष रखेगी। जांच में आरोप सही पाए जाने पर स्कूल प्रबंधन पर कार्रवाई होगी।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


