
प्रॉपर्टी डीलरों ने 90 हजार पास कराया,नौ लाख वर्ग मीटर पर प्लॉटिंग की
Lucknow News - रजिस्ट्री से हुआ खुलासा, जिला पंचायत ने चार डेवलपर को भेजा नोटिस लखनऊ, प्रमुख संवाददाता।
प्रॉपर्टी डीलरों ने जिला पंचायत की जद में आने वाली जमीनों पर खूब मनमानी की। नक्शा पास कराया 90 हजार वर्ग फुट का और 9 लाख पर प्लॉटिंग कर दी। रजिस्ट्री विभाग से रिपोर्ट मिलने के बाद जिला पंचायत ने चार ऐसे प्रॉपर्टी डीलरों-डेवलपरों को नोटिस जारी किया है। जिला पंचायत से इन लोगों ने पहले नक्शा पास कराया था। इसके बाद उस नक्शे के आधार पर ज्यादा क्षेत्रफल में प्लॉटिंग कर डाली। दो वर्ष पूर्व भी करीब 50 ऐसे प्रॉपर्टी डीलरों पर कार्रवाई की गई थी। जिला पंचायत ने शिकायतों के आधार पर अक्तूबर माह में जांच शुरू की थी।
इसी क्रम में करीब एक दर्जन प्रॉपर्टी डीलर, डेवलपर निशाने पर आए। इनकी ओर से की गई प्लाटिंग की जानकारी जिला पंचायत ने निबंधन विभाग से मांगी थी। स्टॉम्प एवं निबंधन विभाग ने चार की रिपोर्ट जिला पंचायत को भेजी है। जिला पंचायत के अनुसार इस आधार पर इन फर्मों को नोटिस जारी किया गया है। साथ ही टीम बनाकर शहर के बाहरी इलाकों में हो रही प्लॉटिंग और टाउनशिप का लेखा जोखा इकट्ठा करना शुरू कर दिया है। जिला पंचायत के पास 477 गांवों में नक्शा पास करने का अधिकार है। लम्बे समय से एलडीए से सीमा विवाद चल रहा था जो कमिश्नर के हस्तक्षेप पर खत्म हो गया। इसी बीच कुछ प्रॉपर्टी डीलरों ने मनमानी शुरू कर दी। जिला पंचायत दो साल में हुई प्लॉटिंग का लेखाजोखा इकट्ठा कर रहा है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




