
पुष्पवर्षा साथ निकली साईं बाबा की पावन चरण पादुका यात्रा
Lucknow News - पादुका यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब गाजे-बाजे और जयकारों के बीच निकली साईं
शिरडी के साईं बाबा की पावन चरण पादुकाओं के शहर आगमन के दूसरे दिन शुक्रवार को भक्तों ने भक्तिभाव के साथ श्री साईं चरण पादुका यात्रा निकाली। शंखनाद, गाजे बाजे व आतिशबाजी के बीच भक्तों ने चरण पादुकाओं को लेकर नगर भ्रमण किया। इसके माध्यम से बाबा का श्रद्धा और सबूरी का संदेश दिया। श्री साईं बाबा संस्थान ट्रस्ट की ओर से कपूरथला स्थित साईं बाबा मंदिर से सुबह विधिवत पूजन-अर्चन के बाद चरण पादुका यात्रा शुरू हुई। यात्रा में बड़ी संख्या में भक्त नाचते-गाते, बाबा के जयकारे लगाते हुए निकले। जगह-जगह लोगों ने फूलों की वर्षा कर चरण पादुकाओं को नमन किया।

यात्रा के दौरान समूचा वातावरण आध्यात्मिक रंग में रंग गया। चारण पादुकाएं द गोल्डन सेलिब्रेशन स्थित कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही चरण पादुका दर्शन के लिए भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। कतार में लग कर भक्तों ने बाबा की पादुकाओं के दर्शन किये। शाम को बहीं साईं भजनों की गंगा, झूम उठे भक्त दोपहर में गुरु शुभ्रम बहल ने साईं बाबा की लीलाओं का गुणगान किया। इसके बाद विष्णु तिवारी ने साईं भजनों की गंगा बहायी। शाम साढ़े छह बजे बाबा की धूप आरती में बड़ी संख्या में भक्त शामिल हुए। फिर बाबा के मीठे-मीठे भजनों की महफिल सजी। गायक पारस जैन ने साईंनाथ तेरे हजारों हाथ..., मेरे घर के आगे साईं नाथ तेरा मंदिर बन जाए ... जैसे भजन सुना कर भक्तों को भावविभोर कर दिया। वहीं शिरडी वाले साई बाबा आया हूं बनके सवाली.... वर दे जिनके हाथ, सो हमरी रक्षा करें, सद्गुरु साई नाथ... जैसे भजनों से सारा वातावरण भक्ति रस में सराबोर हो गया। भजनों की मधुर धुनों पर पंडाल में मौजूद भक्त आनंद में झूम उठे। कार्यक्रम आयोजक राजेश अरोड़ा व प्रवक्ता अनुराग साहू ने बताया कि दो दिनों तक लखनऊ में ठहरने के बाद साईं चरण पादुका यात्रा रात में बाराबंकी के लिए रवाना हुई। इस दौरान भावविभोर भक्तों ने नम आंखों से बाबा की पावन चरण पदुकाओं को नमन कर विदा किया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


