ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश लखनऊराज्यपाल और मुख्यमंत्री ने दीपदान किया

राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने दीपदान किया

राज्य मुख्यालय।

राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने दीपदान किया
हिन्दुस्तान टीम,लखनऊTue, 30 Jan 2018 10:39 PM
ऐप पर पढ़ें

विशेष संवाददाता- राज्य मुख्यालय

राज्यपाल राम नाईक और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को शहीद दिवस के अवसर पर शहीद स्मारक स्थल से गोमती नदी में दीपदान किया। साथ ही राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धाजंलि दी।

दीपदान कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा, मंत्री बृजेश पाठक, राज्यमंत्री मनोहरलाल मुन्न कोरी, राज्यमंत्री सुरेश पासी, प्रमुख सचिव सूचना अवनीश अवस्थी, निदेशक सूचना अनुज झा, डीएम लखनऊ कौशल राज शर्मा सहित बड़ी संख्या में स्वतंत्रता सेनानी तथा गणमान्य नागरिक भी उपस्थित थे। इस मौके पर भातखण्डे संगीत संस्थान सम विश्वविद्यालय के कलाकारों ने बापू के प्रिय भजन व रामधुन प्रस्तुत किये। कार्यक्रम में अन्य लोगों ने भी दीपदान करके अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

राज्यपाल ने अपने दोस्त सांसद को दी श्रद्धाजंलि

राज्यपाल राम नाईक ने लोकसभा सांसद चिनतामन वनगा एडवोकेट के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। श्री वनगा महाराष्ट्र के पालघर से सांसद थे। राज्यपाल ने अपने शोक संदेश में कहा है कि ‘श्री वनगा के देहान्त से महाराष्ट्र ने अपना एक समर्पित नेता खो दिया है। उनकी शिक्षा-दीक्षा वनवासी कल्याण आश्रम के हास्टल में हुई और शिक्षा के बाद वे आदिवासी समाज की सेवा के लिए राजनीति में आए। उन्होंने कहा कि ‘ऐसे विलक्षण नेताओं की कमी महसूस होगी।

श्री नाईक ने कहा कि श्री वनगा उनके पुराने मित्र थे और दोनों ने 11वीं और 13वीं लोकसभा में साथ काम किया था। श्री वनगा ने मछुआरा एवं आदिवासी समुदाय के कल्याण हेतु बहुत काम किया है। उन्होंने कहा कि श्री वनगा की सेवायें अद्वितीय हैं। राज्यपाल ने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए दुःखी परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें