केवाईसी अपडेट के नाम पर साइबर ठगी, खाते से उड़ाए 5.99 लाख रुपये
Lucknow News - लखनऊ के आशियाना क्षेत्र में साइबर ठगों ने खुद को बैंक अधिकारी बताकर एक व्यक्ति से गोपनीय जानकारी हासिल की और उसके खाते से 5.99 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने शिकायत की और पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अज्ञात व्यक्ति को बैंक जानकारी साझा न करें।
लखनऊ, संवाददाता। राजधानी के आशियाना कोतवाली क्षेत्र में साइबर ठगों ने खुद को बैंक अधिकारी बताकर एक व्यक्ति से बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी हासिल कर ली और उसके खाते से करीब 5.99 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आशियाना थाना क्षेत्र के शारदा नगर योजना स्थित सैनिक इंक्लेव निवासी राजेंद्र पाल का खाता स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) की एक शाखा में है। पीड़ित के अनुसार 28 फरवरी की शाम उनके मोबाइल फोन पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने अपना नाम रवि कुमार बताते हुए खुद को योनो एसबीआई का अधिकारी बताया।फोन
करने वाले व्यक्ति ने कहा कि वह बैंक खाते के सुरक्षित संचालन और केवाईसी अपडेट से संबंधित जानकारी ले रहा है। बातचीत के दौरान उसने चालाकी से राजेंद्र पाल से उनके बैंक खाते से जुड़ी जानकारी और एटीएम कार्ड से संबंधित विवरण ले लिया। उस समय पीड़ित को किसी तरह का संदेह नहीं हुआ और उन्होंने मांगी गई जानकारी साझा कर दी।कुछ ही देर बाद राजेंद्र पाल के मोबाइल पर खाते से पैसे निकलने के संदेश आने लगे। ठग ने चार अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 5 लाख 99 हजार 371 रुपये निकाल लिए। खाते से इतनी बड़ी रकम निकलने की जानकारी मिलते ही पीड़ित के होश उड़ गए।इसके बाद उन्होंने तुरंत बैंक शाखा से संपर्क किया और मामले की सूचना साइबर सेल को दी। साथ ही आशियाना कोतवाली पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर आईटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस का कहना है कि कॉल करने वाले नंबर और ट्रांजेक्शन से जुड़े बैंक खातों की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस और साइबर विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि फोन पर किसी भी अज्ञात व्यक्ति को एटीएम नंबर, ओटीपी, सीवीवी या बैंक से जुड़ी गोपनीय जानकारी बिल्कुल भी साझा न करें। बैंक अधिकारी कभी भी फोन पर इस तरह की जानकारी नहीं मांगते।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


