
चार घंटे का ‘डिजिटल अरेस्ट’! साइबर ठगों ने व्यवसायी से ठगे डेढ़ लाख रुपए
संक्षेप: Lucknow News - इंदिरानगर के एक व्यवसायी को अश्लील वीडियो और मनी लांड्रिंग का डर दिखाकर साइबर जालसाजों ने 'डिजिटल अरेस्ट' किया। चार घंटे की धमकी के बाद उससे डेढ़ लाख रुपये ठगे गए। पीड़ित ने गाजीपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
साइबर जालसाजों ने इंदिरानगर के व्यवसायी को फोन किया उस पर अश्लील वीडियो देखने और मनी लांड्रिंग के केस में जेल भेजने की धमकी दी। चार घंटे तक डिजिटल अरेस्ट कर व्यवसायी से डेढ़ लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित व्यवसायी ने गाजीपुर थाने में जालसाजों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। एसीपी इंदिरानगर अनिद्य विक्रम सिंह के मुताबिक व्यवसायी इंदिरानगर में रहते हैं।
उन्होंने बताया कि 14 अक्टूबर को उनके पास एक व्यक्ति ने फोन किया। उसने बोला कि वह डाटा प्रोटेक्शन बोर्ड ऑफ इंडिया का कर्मचारी है। कर्मचारी, व्यवसायी से अश्लील बातें करने लगा। विरोध पर उसने धमकी दी। व्यवसायी के मुताबिक इसके बाद दूसरा फोन आया उसने कहा कि वह कोलाबा थाने का दरोगा आनंद शर्मा बोल रहा है। उसने अश्लील वीडियो और बाते करने का आरोप लगाकार जेल भेजने की धमकी दी। इसके बाद उसने कहा कि आपसे हमारे सीनियर अफसर एडीजी विश्वास नागरे पाटिल बात करेंगे।
उन्होंने वीडियो कॉल की और पीएफआई के फाउंडर ओएम अब्दुल सलाम से संबंधों का हवाला देते हुए मनी लांड्रिंग के केस में फंसाने की धमकी दी। इस तरह करीब चार घंटे डिजिटल अरेस्ट रखा। बैंक खातों की जानकारी ली। इसके बाद तीन खातों में डेढ़ लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। पीड़ित व्यवसायी ने गाजीपुर थाने में पहुंचकर तहरीर दी है। एसीपी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




