साइबर जालसाजों ने बुजुर्ग समेत तीन से लाखों ठगे
Lucknow News - -एआई की मदद से वित्त मंत्री का यूट्यूब का विज्ञापन वायरल किया -साइबर ठगी

लखनऊ,संवाददाता।एआई की मदद से वित्त मंत्री का यूट्यूब का विज्ञापन वायरल कर साइबर जालसाज ने बुजुर्ग से निवेश के नाम पर 4.82 लाख रुपये ऐंठ लिए। वहीं, जालसाजों ने कैप्टन समेत दो अन्य के खातों से 6.15 लाख रुपये उड़ा लिए। साइबर ठगी के यह मामले गुडंबा, चिनहट व सुशांत गोल्फ सिटी के हैं।जानकीपुरम सेक्टर-एच निवासी 60 वर्षीय सूर्य प्रकाश शर्मा का खाता यूनियन बैंक ऑफ इंडिया व भारतीय स्टेट बैंक में है। उन्होंने बताया कि यूट्यूब पर केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का विज्ञापन देखा। इसमें क्वांटम एआई प्लेटफार्म पर 21 हजार लगाने पर मुनाफे की बात कही गई। यह देखकर पीड़ित ने पंजीकरण कर लिया।
पांच मिनट बाद एक कॉल आई। जालसाज ने बातों में फंसाकर जानकारी हासिल की। फिर उनके दोनों खातों से कई बार में 4,82,164 रुपये ट्रांसफर करा लिए। पीड़ित ने गुडंबा थाने में आईटी एक्ट की रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं, चिनहट के हारूनी मस्जिद के पास रहने वाले मजहरुद्दी का खाता आईसीआईसीआई बैंक में है। 21 मार्च को आरटीओ नोटिस का चालान का मैसेज आया। उक्त चालान ओवर स्पीडिंग का था। मैसेज में दिए गए लिंक पर क्लिक किया, लेकिन फिर बंद कर दिया। रात में अमेजॉन एप को एक्सेस करने का प्रयास किया तो खाते से दो बार में 1.30 लाख रुपये निकल गए। पीड़ित ने चिनहट कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उधर, सुशांत गोल्फ सिटी निवासी कैप्टन कृतिका सक्सेना का खाता एचडीएफसी बैंक में है। साइबर जालसाज ने उनके खाते से तीन बार में 4,84,799 रुपये गायब कर दिए।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


