
एटीएम से रुपये निकालने वाले को पुलिस ने दबोचा
संक्षेप: Lucknow News - - सीसी फुटेज से देखकर कंपनी के लोगों ने पुलिस को दी थी सूचना - एटीएम से रुपये निकालने वाले को पुलिस ने दबोचा
बादशाहनगर में एसबीआई के एटीएम की कैश-ट्रे में लोहे की पट्टी लगाकर ग्राहकों के रुपये निकालने वाले अपराधी को मंगलवार सुबह इंस्पेक्टर महानगर अखिलेश मिश्रा और चौकी प्रभारी अकबरनगर अनुराग सिंह की तत्परता से गिरफ्तार कर लिया गया। एटीएम बूथ के अंदर अपराधी को पट्टी लगाते दिल्ली में बैठे एटीएम कंपनी की सर्विलांस टीम देख लिया था। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अपराधी को दबोच लिया। एसीपी महानगर अंकित कुमार के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी प्रतापगढ़ के बाबा का पुरवा का रहने वाला अनंत प्रकाश है। उसे एटीएम लगाने वाले हिताची कंपनी की सर्विलांस टीम की सूचना पर पकड़ा गया है।

सुबह बादशाहनगर स्थित एसबीआई के एटीएम में उसने कैश-ट्रे में लोहे की पट्टी लगा दी थी। यह देख हिताची कंपनी के हेड आफिस में बैठे सर्विलांस सेल की टीम ने सीसी कैमरे से संदिग्ध युवक को देखा। इसके बाद बाहर निकल कर खड़ा हो गया। कंपनी के लोगों ने इंस्पेक्टर महानगर अखिलेश मिश्रा के सीयूजी नंबर पर फोन कर सूचना दी। इंस्पेक्टर ने अकबर नगर चौकी प्रभारी अनुराग सिंह को भेजा। बाहर खड़ा संदिग्ध व्यक्ति इस बीच एटीएम में घुसा और वह रुपये निकालने का प्रयास करने लगा। चौकी इंचार्ज ने तभी उसे दबोच लिया। चौकी प्रभारी ने इसकी सूचना एटीएम कंपनी की सर्विलांस टीम को दी। पूछताछ में पकड़े गए संदिग्ध ने बताया कि वह प्रतापगढ़ के बाबा का पुरवा का रहने वाला अनंत प्रकाश मिश्रा है। वह लोहे की पतली स्ट्रिप एटीएम की कैश-ट्रे में लगाकर रुपये निकालता था। सूचना पर पहुंचे कंपनी की सर्विलांस टीम के कर्मियों ने कैश-ट्रे में फंसे रुपयों को निकाला। कैश ट्रे में लोहे की पट्टी लगाने से उसी में फंस जाते हैं रुपये इंस्पेक्टर ने बताया कि कैश-ट्रे में लोहे की पट्टी लगाने से रुपये उसी में फंस जाते थे। वह बाहर नहीं निकलते हैं। ग्राहक खराब एटीएम समझकर चला जाता था। इसके बाद वह एटीएम में जाकर लगाई गई पट्टी हटाकर रुपये निकाल लेता था। इंस्पेक्टर ने बताया कि हिताची कंपनी अयोध्या के ओरवा में रहने वाले जितेंद्र कुमार तिवारी की है। उनकी कंपनी राष्ट्रीयकृत बैंकों में एटीएम लगाने का काम करती है। कंपनी की तहरीर पर अनंत प्रकाश के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




