ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश लखनऊपड़ोसी की छेड़छाड़ से तंग आकर छात्रा ने फांसी लगाई

पड़ोसी की छेड़छाड़ से तंग आकर छात्रा ने फांसी लगाई

- छह माह से कर रहा था परेशान, मां-बहन से कई बार शिकायत कर चुकी थी

पड़ोसी की छेड़छाड़ से तंग आकर छात्रा ने फांसी लगाई
हिन्दुस्तान टीम,लखनऊThu, 06 Feb 2020 07:59 PM
ऐप पर पढ़ें

- छह माह से कर रहा था परेशान, मां-बहन से कई बार शिकायत कर चुकी थी

- पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया

लखनऊ। निज संवाददाता

गोमतीनगर के विशालखण्ड में पड़ोसी शोहदे की छेड़छाड़ से तंग आकर कक्षा-छह की एक छात्रा ने फांसी लगा ली। उसका शव लटका देखकर भाई-बहनों ने शोर मचाया। इसके बाद लोग जुटने लगे। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस का कहना है कि उसके पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मां का आरोप है कि घर से कुछ दूर रहने वाला ड्राइवर उनकी बेटी के साथ छेड़छाड़ करता था। कई बार विरोध करने पर भी वह नहीं माना। फिलहाल, पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है।

मूलत: रायबरेली के रहने वाले किसान बच्चों की पढ़ाई के कारण गोमतीनगर के विशालखण्ड में किराए के मकान में रहते हैं। वह अक्सर आते-जाते रहते हैं। विशालखण्ड में पत्नी, तीन बेटियां और एक बेटा रहता है जबकि रायबरेली में किसान अपने बड़े बेटे के साथ रहते हैं। उन्होंने बताया कि उनकी 13वर्षीय बेटी एक निजी स्कूल में कक्षा छह की छात्रा थी।

छह माह पहले की थी शिकायत

करीब छह माह पहले छात्रा ने अपनी मां से पड़ोसी दुर्गेश की शिकायत की थी। वह उसके साथ छेड़छाड़ करता है। कई बार उसने उसका रास्ता रोका और अपशब्द कहते हुए छेड़छाड़ की। उसकी मां ने उसे समझाते हुए रास्ता बदलने की बात कही। इसके साथ ही उसकी तरफ देखने से भी मना किया था।

सुबह दुपट्टे से लगा ली फांसी

बड़ी बहन ने बताया कि वह एक निजी कम्पनी में जॉब करती है। जबकि मां एक निजी स्कूल में नौकरी करती हैं। गुरुवार को दोनों लोग अपने काम पर गए थे। घर में छात्रा और दो छोटे भाई-बहन थे। दोनों लोग छत पर थे जबकि छात्रा नीचे घर में थी। पड़ोसियों के मुताबिक, दोनों ने दुपट्टे से शव लटका देखकर शोर मचाया। चीख-पुकार सुनकर अन्य लोग जुटने लगे। फिर पुलिस को सूचना दी गई।

बहन ने समझाना चाहा तो अभद्रता की

बड़ी बहन ने बताया कि कुछ दिन पहले उसकी बहन ने दुर्गेश के बारे में बताया था। वह काफी परेशान थी। उसने दुर्गेश से बातचीत भी करनी चाही थी लेकिन उसने उसके साथ अभद्रता की थी। इंस्पेक्टर गोमतीनगर अमित कुमार दुबे का कहना है कि आरोपी दुर्गेश फैजाबाद का रहने वाला है। वह छात्रा के घर के पास ही किराए पर रहकर वैन चलाता है। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें