
बंथरा थाने के पूर्व इंस्पेक्टर और चार दरोगा के खिलाफ मुकदमा
Lucknow News - बंथरा थाने में तैनात एक इंस्पेक्टर और चार दरोगाओं के खिलाफ पीजीआई थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि उन्होंने मनमाफिक वसूली न होने पर चार निर्दोष लोगों को चोरी के आरोप में जेल भेजा। एंटी करप्शन विभाग ने जांच के बाद आरोपों को सही पाया और शासन के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया।
बंथरा थाने में वर्ष 2020 में तैनात रहे एक प्रहलाद सिंह और चार दरोगा के खिलाफ पीजीआई थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। एंटी करप्शन के इंस्पेक्टर नुरुलहुदा खान की ओर से दर्ज कराई गई एफआईआर में आरोप है कि पांचों ने मनमाफिक वसूली न मिलने पर सरिया चोरी का आरोप लगाकर चार लोगों को जेल भेजा था। चारों के खिलाफ फर्जी दस्तावेज लगाकर अपने पद का दुरुपयोग करते हुए बिना अधिकारी से सत्यापित कराए कोर्ट में चार्जशीट भी दाखिल कर दी थी। इस मामले की जांच एंटी करप्शन विभाग द्वारा की जा रही थी। जांच में आरोपी पुलिस कर्मियों के खिलाफ साक्ष्य मिलने पर शासन के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया है।

इंस्पेक्टर नुरुल हुदा खान ने बंथरा थाने के तत्कालीन इंस्पेक्टर प्रहलाद सिंह, दरोगा संतोष कुमार, दिनेश कुमार, राजेश कुमार और आलोक श्रीवास्तव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। एफआईआर के मुताबिक, 30 दिसंबर 2020 को बंथरा थाने की पुलिस ने विशाल आयरन स्टोर में छापेमारी की थी। 42 हजार की सरिया चोरी का आरोप लगाकर पुलिस ने विकास गुप्ता, दर्शन सिंह, लालता सिंह, कौशलेंद्र सिंह उर्फ प्रिंस, सतीश सिंह और कल्लू गुप्ता को गिरफ्तार किया था। इस मामले में कौशलेंद्र, सतीश, कल्लू और लालता निर्दोष थे। फिर भी उनको चोरी के आरोप में पुलिस ने जेल भेज दिया था। आरोप है कि इस मामले में तत्कालीन इंस्पेक्टर प्रहलाद सिंह, मामले के वादी दरोगा संतोष कुमार, विवेचक दरोगा दिनेश कुमार, राजेश कुमार और कृष्णानगर में तैनात मामले के विवेचक दरोगा आलोक कुमार श्रीवास्तव ने अपने पद का दुरुपयोग किया था। पुलिस कर्मियों ने फर्जी दस्तावेज, फर्जी साक्ष्य लगाए थे। उसी आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट तैयार की। दस्तावेजों का किसी अधिकारी से सत्यापन भी नहीं कराया था। बिना सत्यापन के कोर्ट में चार्जशीट भी दाखिल कर दी थी। मामले का खुलासा होने पर जांच एंटी करप्शन को मिली। जांच में आरोपी पुलिस कर्मियों के खिलाफ लगे आरोप सही पाए गए। इसके बाद जांच रिपोर्ट शासन को भेजी गई। शासन के आदेश पर चारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। आरोपी पुलिस कर्मी और उनका वर्तमान तैनाती स्थल - इंस्पेक्टर प्रहलाद सिंह, बहराइच - दरोगा संतोष कुमार, बहराइच - दरोगा राजेश कुमार, बहराइच - एसएसआई दिनेश कुमार सिंह, बहराइच - दरोगा आलोक कुमार श्रीवास्तव, रिजर्व पुलिस लाइन कमिश्नरेट लखनऊ

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




