
लेसा के टोल फ्री पर हो रहा फर्जी निस्तारण
Lucknow News - - बिजली बिल, खराब मीटर समेत कई समस्याओं का समाधान नहीं हुआ - फील्ड में
केस-एक चिनहट के उत्तरधौना निवासी विजय कुमार सिंह ने बताया कि मीटर खराब हो गया था, जिसकी 1912 पर शिकायत दर्ज कराई। बावजूद न कोई कर्मचारी घर पर मीटर देखने आया और न बिल ठीक हुआ, लेकिन शिकायत का फर्जी निस्तारण कर दिया गया। केस-दो आलमबाग के मधुबन नगर के मोहम्मद यूनुस के घर पर 24 सितम्बर को तीन किलोवाट स्मार्ट मीटर लगाया गया, लेकिन हर महीने मीटर रीडिंग नहीं होती। 1912 पर शिकायत दर्ज कराई, जिस पर इंजीनियरों ने फर्जी समाधान दिखाकर शिकायत खत्म करा दी। लखनऊ, वरिष्ठ संवाददाता। लेसा के उपभोक्ता बिजली बिलों में गड़बड़ी, खराब मीटर सहित अन्य समस्याओं के समाधान के लिए भटकने को मजबूर हैं।
शिकायत निवारण के लिए बनाए गए टोल-फ्री नंबर 1912 पर शिकायतें दर्ज कराने के बावजूद उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है, बल्कि विभाग द्वारा उनकी शिकायतों का फर्जी निस्तारण किया जा रहा है। चिनहट, आलमबाग, ठाकुरगंज जैसे प्रमुख इलाकों के उपभोक्ता लेसा की मनमानी से सबसे ज्यादा त्रस्त हैं। पीड़ित उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि फील्ड में कोई काम किए बिना ही उनकी दर्ज शिकायतों को सिस्टम पर समाधान दिखा दिया जाता है। जबकि हकीकत यह है कि न कोई कर्मचारी घर आया और न ही बिल या मीटर की गड़बड़ी ठीक हुई। विभाग केवल कागजों पर अपनी दक्षता साबित करने में जुटा है, जबकि जमीनी स्तर पर उपभोक्ताओं की परेशानी कम होने के बजाय बढ़ रही है। ठाकुरगंज के अंबरगंज निवासी निहाल अहमद ने बताया कि परिसर पर बिजली कनेक्शन (खाता सं. 8093535423) है। परिसर पर पुराना स्मार्ट मीटर लगा है। इनके यहां मीटर रीडिंग नहीं होती है। 1912 पर शिकायत (एमवी27112506141) की, पर अभी तक कुछ नहीं हुआ। कल्ली पश्चिम कान्हा नगर निवासी राकेश पाल ने कॉलोनी में बांस-बल्ली हटाकर बिजली खंभे लगाने के लिए 1912 पर शिकायत (एमवी 28112500438) की, लेकिन अभी तक कोई कॉल नहीं आई। चरण भट्टा रोड सदगुरुपुरम कॉलोनी निवासी धर्मेंद्र अम्बेडकर ने 25 नवम्बर को (एमवी 25112504621) बांस-बल्ली की जगह बिजली पोल लगाने की शिकायत की, पर कुछ नहीं हुआ। रहीमाबाद निवासी हंसराज ने बताया कि पहले हर महीने करीब 300 रुपए आता था। जबसे स्मार्ट मीटर लगा है, तबसे तीन हजार रुपए महीने बिल आ रहा है। उन्होंने 1912 पर शिकायत (एमवी 30112053070) दर्ज कराई है। इसी प्रकार रहीमाबाद निवासी परवेज अहमद के घर की छत से हाईटेंशन लाइन गुजरी है। छत पर बच्चे खेलते हैं, तो खतरा बना रहता है। कई बार तार टूटकर गिर चुका है। तार हटाने का आश्वासन मिला है, लेकिन अभी तक हटाया नहीं गया है। बिजली बिल से संबंधित समस्या के लिए टोल फ्री 1912 पर शिकायत कर सकते हैं। यदि उपभोक्ता संतुष्ट नहीं है तो संबंधित अधिकारी से मिल सकता है। किसी भी दशा में फर्जी निस्तारण नहीं किया जाएगा। योगेश कुमार, निदेशक (वाणिज्य), मध्यांचल विद्युत वितरण निगम

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




