
पोर्टल बंद होने से अस्पतालों के उपकरणों की खरीदारी फंसी
Lucknow News - सीएमओ कार्यालय की लापरवाही से जेम पोर्टल चार दिन से बंद है, जिससे खरीद-फरोख्त के सारे काम ठप हो गए हैं। 15वें वित्त आयोग के बजट से उपकरण खरीदने में बाधा उत्पन्न हो रही है। अधिकारियों का कहना है कि बिल अपलोड करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
सीएमओ कार्यालय के अफसरों की लापरवाही से करीब चार दिन से जेम पोर्टल बंद है। इससे खरीद-फरोख्त से जुड़े सभी काम बंद हो गए हैं। शासन से जारी 15वें वित्त आयोग के बजट से उपकरण की भी खरीद नहीं हो पा रही है। आरोप है कि खरीद से जुड़े बिल अपलोड नहीं हो पा रहे हैं। सीएमओ का कहना है कि बिल को पोर्टल पर अपलोड कराने की प्रक्रिया शुरू कराई जा रही है। सीएमओ कार्यालय में जेम पोर्टल के जरिए उपकरण और सर्जिकल सामान समेत अन्य खरीदारी की जाती है। टेंडर में चयनित वेंडर को वर्क ऑर्डर स्वास्थ्य विभाग से ही जारी किया जाता है।
वेंडर के जरिए खरीदारी करके उसे सीएचसी पर पहुंचाया जाता है। वेंडर जो भी बिल देते हैं, उसको जेम पोर्टल पर अपलोड किया जाता है। विभागीय अफसर कर्मचारियों ने खरीदारी से जुड़े बिल कई साल से पोर्टल पर अपलोड ही नहीं किए। जेम पोर्टल के जरिए विभाग को इस बात के लिए आगाह भी किया गया था, लेकिन सीएमओ कार्यालय के अफसरों ने खूब लापरवाही बरती। बिल अपलोड न होने से चार दिन पहले पोर्टल बंद हो गया है। इससे 15वें वित्त आयोग से होने वाली खरीदारी भी फंस गई है। अस्पतालों में ईसीजी मशीन, सांस के मरीजों के लिए स्पायरो मीटर, अल्ट्रासाउंड मशीन की खरीद की प्रक्रिया फंस गई है। सीएमओ डॉ. एनबी सिंह का कहना है कि जेम पोर्टल पर बिल अपलोड कराने का काम किया जा रहा है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




