नशे के खिलाफ चले अभियान, युवा मंगल दल दें गोपनीय सूचनाएं : मुख्यमंत्री
Lucknow News - मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रीय युवा दिवस पर विवेकानंद यूथ अवार्ड प्रदान किए। उन्होंने युवाओं को जल संरक्षण, पर्यावरण और खेल में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। जुलाई में 35 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने नशे के खिलाफ अभियान चलाने की बात की और स्वामी विवेकानंद की जयंती पर उन्हें नमन किया।

- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रीय युवा दिवस पर वितरित किए विवेकानंद यूथ अवार्ड - कहा, जल संरक्षण, पर्यावरण व खेल के क्षेत्र में अच्छा करने वालों को मिलेगा यह अवार्ड - जुलाई में फिर लगाए जाएंगे 35 करोड़ पौधे, युवाओं को भागीदारी के लिए किया प्रेरित - स्वामी विवेकानंद के साथ माता जीजाबाई को भी किया नमन खास-खास- -योगी बोले, दुनिया कह रही मोदीजी आप कुछ करिए -यूपी में अब दंगा नहीं, सब चंगा -2017 से पहले भर्ती में लेनदेन चलता था - लखनऊ, विशेष संवाददाता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रीय युवा दिवस पर नशे के काले कारोबार की कमर तोड़ने के लिए अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति दोहराई।
मुख्यमंत्री ने युवक व महिला मंगल दलों को यूपी को नशा मुक्त प्रदेश बनाने के लिए उनकी सक्रिय भूमिका के लिए प्रेरित किया। कहा, कि प्रदेश में नशे के खिलाफ बड़ा अभियान चलेगा। मंगल दल नशे के कारोबार की गोपनीय सूचनाएं दें। सरकार नशा कारोबारियों की संपत्ति जब्त करेगी। नशा युवा पीढ़ी, समाज व राष्ट्र को खोखला बना देता है, इसलिए इसके खिलाफ प्रहार जरूरी है। मुख्यमंत्री ने स्वामी विवेकानंद की जयंती पर इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में राज्य स्तरीय विवेकानंद यूथ अवार्ड वितरण समारोह में सोमवार को ये बातें कहीं। उन्होंने 10 युवाओं, तीन युवक मंगल दल व तीन महिला मंगल दल को यूथ अवार्ड प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रनायक छत्रपति शिवाजी महाराज को गढ़ने वाली उनकी मार्गदर्शक जीजाबाई मां साहिब की जयंती पर उन्हें नमन किया। मुख्यमंत्री ने समारोह में युवक व महिला मंगल दल से दो अपेक्षाएं कीं। कहा कि हर ग्राम पंचायत में खेल मैदान, विकास खंड में मिनी स्टेडियम व हर जिले में बड़े स्टेडियम की स्थापना हो रही है, इसमें मंगल दल भी सक्रिय भूमिका निभाएं और अभियान का हिस्सा बनें। खेलकूद किट से पूरी ग्राम पंचायत खेले। न्याय पंचायत स्तर पर अलग-अलग टीमें बनाएं, फिर ब्लाक, जिला, मंडल व प्रदेश स्तर पर प्रतिस्पर्धा का हिस्सा बनें, जिससे हर स्तर पर अच्छी टीमें तैयार होंगी। नए युवाओं को आगे बढ़ने का प्लेटफार्म मिलेगा। युवा खेलकूद प्रतियोगिता में बढ़ेंगे तो टीमवर्क से गांव के विकास में भी बड़ी भूमिका निभाएंगे। युवा मंगल दल जल संरक्षण में जुटें मुख्यमंत्री ने युवा मंगल दल से जल संरक्षण व पौधरोपण में सक्रिय भागीदारी की भी अपेक्षा की। कहा कि गांव में चेकडैम, अमृत सरोवर, पाटे गए पुराने कुओं का पुनरुद्धार कराएं। जल संरक्षण की दिशा में खड़े हों। अगली बार से विवेकानंद यूथ अवार्ड पर्यावरण-जल संरक्षण व खेलकूद अभियान का हिस्सा बनने वालों को दिया जाएगा। इसके लिए कार्यों की तकनीक व फिजिकल मानिटरिंग कराए जाने का निर्देश भी दिया। विकसित भारत- जी राम जी की नई योजना की रकम का इस्तेमाल नदी के पुनरुद्धार में करें। जुलाई में फिर 35 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे। यूपी में दंगा नहीं सब चंगा मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना भी साधा। कहा कि मिशन रोजगार के तहत यूपी के नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई हैं। अब कोई लेनदेन नहीं होता। 'महाभारत के रिश्ते' वसूली के लिए नहीं निकल सकते, अब ऐसा किया तो जेल जाएंगे। यूपी में दंगा नहीं, अब सब जगह चंगा है। समारोह को उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक व खेल व युवा कल्याण मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर महापौर सुषमा खर्कवाल, विधायक डा. नीरज बोरा व ओपी श्रीवास्तव, खेल व युवा कल्याण विभाग के सचिव सुहास एल.वाई व अन्य अधिकारी मौजूद रहे। -------- स्वामी विवेकानंद की यात्रा साधक से युग प्रवर्तक की मुख्यमंत्री ने कहा कि वैश्विक मंच पर भारत की परंपरा को मजबूती से रखने वाले स्वामी विवेकानंद को नमन करता हूं। उन्होंने भारत की सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना को वैश्विक मंच पर परिचित कराने में बड़ी भूमिका निभाई थी। उन्होंने कहा था कि मुझे गर्व है कि मैं एक हिंदू हूं। नरेंद्र से स्वामी विवेकानंद तक की उनकी यात्रा साधक से युग प्रवर्तक की है। सुप्त चेतना के कारण जो भारत आत्मबोध लगभग खो चुका था, उसे स्वामी विवेकानंद ने जगाया। उनका संदेश था कि जब तक लक्ष्य पर एकाग्रता, संकल्प पर दृढ़ता व कर्म में निरंतरता नहीं होगी, तब तक सफलता प्राप्त नहीं हो सकती। मुख्यमंत्री ने कहा कि इच्छाशक्ति और संकल्प से युवा बदलाव के वाहक बन सकते हैं। लीक से हटकर चलने की प्रेरणा हमें आगे बढ़ाती है। ------- योगी बोले, दुनिया कह रही मोदी जी आप कुछ करिए मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया में मची उथल-पुथल पर हर देश से आवाज आ रही है कि मोदी जी आप कुछ कीजिए। इस विश्वास की प्रतीक भारत की युवा शक्ति है। कहा कि जिस भारत की कोई सुनता नहीं था, आज उस भारत के बिना दुनिया का काम नहीं चलता। यह भारत की ताकत व सामर्थ्य है। ----- इन्हें मिला अवार्ड नाम - योगदान अभिनीत कुमार मौर्य (हरदोई) - पर्वतारोहण महिका खन्ना (शाहजहांपुर) - लान टेनिस प्रणव द्विवेदी (गोरखपुर) - बालश्रम निषेध, रक्तदान व जनता लाइब्रेरी का संचालन शिखा सहलोत (गाजियाबाद) - क्रिकेट अभिषेक पांडेय (मऊ) - रक्तदान व जागरूकता सचिन गौरी वर्मा (गोरखपुर) -डिजिटल साक्षरता, लाइब्रेरी संचालन, रक्तदान व जागरूकता संजना सिंह (बरेली) - स्वास्थ्य व पर्यावरण जागरूकता, नक्शामुक्ति अभियान मार्तंड राम त्रिपाठी (गोरखपुर) - स्वास्थ्य जागरूकता, सांस्कृतिक विरासत से युवाओं को जोड़ना साक्षी झा (गाजियाबाद) - प्लनास्टिक अपशिष्ट का प्रबंधन दिव्यांश टंडन (मेरठ) - जल संरक्षण ---- युवक मंगल दल जिला - विकासखंड - अध्यक्ष - योगदान संतकबीरनगर - सेमरियावां - रिजवान मुनीर - जन जागरूकता, नशामुक्ति अभियान, वृक्षारोपण, जैविक खेती बिजनौर - नूरपुर - घनश्याम सिंह - खेल, नशामुक्ति, सौर ऊर्जा का प्रचार-प्रसार शाहजहांपुर - भावलखेड़ा - इन्द्रजीत लोधी - स्वच्छता, नशामुक्ति, जलसंरक्षण ---- महिला मंगल दल जिला - विकासखंड - अध्यक्ष - योगदान बिजनौर - नहटौर - ज्योति - पौधरोपण, नशामुक्ति, जलसंरक्षण फिरोजाबाद - अरॅाव - शिवानी चंदेल - पौधरोपण, रक्तदान, जनजागरूकता संतकबीरनगर - सांथा - सुमन कुमारी - खेल आयोजन, पौधरोपण, रक्तदान

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




