लड़की से फोन पर बात करने पर हुआ विवाद, चली गोलियां, युवक का सिर फटा
Lucknow News - सिटी लॉ कॉलेज के पास दो छात्रों में फोन पर बातचीत को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि दूसरे पक्ष के युवकों ने मारपीट की और हवाई फायरिंग की। एक छात्र को सिर पर असलहे की बट से वार किया गया। पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी और आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।

लड़की से फोन पर बातचीत को लेकर बीबीडी स्थित सिटी लॉ कॉलेज के पास दो छात्रों में विवाद हो गया। इस दौरान आरोपियों पर हवाई फायरिंग करने का भी आरोप लगा है। एक छात्र ने बीबीडी पुलिस को तहरीर भी दी है। बीबीडी स्थित रॉयल एन्क्लेव निवासी ठाकुर सूर्य प्रताप सिंह सिटी लॉ कॉलेज में एलएलबी के छात्र हैं। उनके मुताबिक उनके एक साथी राज अग्रहरि की एक लड़की से फोन पर बातचीत होती है। इसको लेकर एक युवक का राज से झगड़ा चल रहा था।
गुरुवार को राज को दूसरे पक्ष के युवकों ने बातचीत करने के लिए सिटी लॉ कॉलेज के पीछे बुलाया। वह सूर्य को भी अपने साथ ले गया। आरोप है कि वहां पहुंचते ही दूसरे पक्ष के युवक राज व सूर्य से गालीगलौज करने लगे। दोनों ने विरोध किया तो आरोपियों ने मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान एक युवक ने असलहे की बट से सूर्य के सिर पर वार कर दिया और हवाई फायरिंग भी की। सिर पर बट लगने से सूर्य के सिर फट गया। सूर्य व राज जान बचाकर वहां से भागे और मदद के लिए पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी।
मौके पर पुलिस पहुंची तो आरोपी वहां से भाग चुके थे। सूर्य प्रताप सिंह ने इस संबंध में बीबीडी थाने में तहरीर दी है। अतिरिक्त इंस्पेक्टर अरविंद कुमार का कहना है कि पीड़ित की तहरीर मिली है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



