प्रमुख सड़कों की खराब स्ट्रीट लाइट 48 घंटों में बदलने का निर्देश
Lucknow News - शहर के कमिश्नर ने स्ट्रीट लाइट्स, सड़कों की मरम्मत और कूड़े की ओपन डंपिंग पर सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने डेंगू के बढ़ते खतरे के मद्देनज़र नियमित सफाई और एंटी-लार्वा छिड़काव की आवश्यकता पर बल दिया।...

शहर की प्रमुख सड़कों, मोहल्लों के मुख्य मार्गों पर यदि स्ट्रीट लाइट खराब होती है तो उसे 48 घंटों में दुरुस्त करना होगा। शहर में विकास कार्यों, साफ-सफाई और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था पर हुई बैठक में कमिश्नर ने निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि स्ट्रीट लाइट खराब होने से आपराधिक घटनाओं, दुर्घटनाओं का जोखिम रहता है। ऐसे में कोई ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कमिश्नर डॉ. रोशन जैकब ने अधिकारियों को खासतौर पर शहर की जर्जर और गड्ढे वाली सड़कों की मरम्मत प्राथमिकता पर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन सड़कों का पैच रिपेयर कार्य तुरंत शुरू किया जाना चाहिए।
इसके साथ ही उन्होंने मुख्य अभियंता को स्पेशल रिपेयर की जाने वाली सड़कों की सूची बनाकर जल्द से जल्द काम शुरू करने का आदेश दिया। बैठक में नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त ललित कुमार, अपर नगर आयुक्त अरविंद राव सहित संबंधित विभागीय अधिकारीगण उपस्थित रहे। कूड़े की ओपन डंपिंग पर रोक शहर में कूड़े की खुली डंपिंग को लेकर कमिश्नर ने नाराजगी जताई। उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि किसी भी ज़ोन में कूड़े को खुले में न फेंका जाए। जहां भी खुली डंपिंग है, उसे तुरंत ढंका जाए। कूड़ा ले जाने वाले वाहनों को पूरी तरह से ढंककर ही चलाया जाए। इसके अलावा, उन्होंने सफाई व्यवस्था में लगे सभी संसाधनों जैसे ट्राईसाइकिल, टिपर मशीन और मैनपावर को बढ़ाने का भी निर्देश दिया, ताकि साफ-सफाई बेहतर तरीके से हो सके। बारिश से जलभराव हो रहा है, डेंगू से बचाव के प्रयास करें वहीं, कमिश्नर ने कहा कि नालों की नियमित सफाई की जाए और जलभराव वाले क्षेत्रों में फॉगिंग और एंटी-लार्वा का छिड़काव युद्ध स्तर पर किया जाए, ताकि डेंगू जैसी बीमारियों को फैलने से रोका जा सके। उन्होंने कहा कि, बारिश इस बार ज्यादा हो रही है। ऐसे में बीते वर्षों की तुलना में इस बार डेंगू-मलेरिया का खतरा अधिक है। ऐसे में एंटी लार्वा का छिड़काव और फॉगिंग तेज की जाए। सीएम ग्रिड योजना, पांच माह में बन जाएंगी सात सड़कें बैठक में सीएम ग्रिड योजना के तहत चल रहे कार्यों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि पहले चरण में 16 किलोमीटर लंबी 7 सड़कों का काम चल रहा है, जो जनवरी 2026 तक पूरा हो जाएगा। दूसरे चरण में तीन सड़कों के टेंडर हो चुके हैं और काम जल्द ही शुरू किया जाएगा, जबकि तीसरे चरण में तीन सड़कों का प्रस्ताव स्वीकृत हो चुका है। मंडलायुक्त ने सभी कार्यों को तय समय सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




