गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय में बनेगा सेंटर ऑफ एक्सीलेंस
Lucknow News - - मुख्य सचिव की अध्यक्षता में शासी समिति की हुई बैठक लखनऊ, विशेष

गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय ग्रेटर नोएडा में बौद्ध अध्ययन के लिए एक उत्कृष्टता केंद्र (सेंटर ऑफ एक्सीलेंस) स्थापित किया जाएगा। यह केंद्र प्राचीन ज्ञान और आधुनिक नवाचार के समन्वय को समर्पित एक दूरदर्शी संस्थान के रूप में विकसित किया जाएगा। मुख्य सचिव एसपी गोयल की अध्यक्षता में गुरुवार को हुई विश्वविद्यालय शासी समिति की बैठक में यह फैसला हुआ।इसमें इतिहासकारों, वैज्ञानिकों, भाषा वैज्ञानिकों तथा आध्यात्मिक नेताओं को एक साझा मंच पर लाकर विज्ञान पर चर्चा कराते हुए शिक्षा एवं अनुसंधान को नई दिशा प्रदान करने में मदद करेगा। यह केंद्र बौद्ध दर्शन और भारतीय ज्ञान परंपरा के मूल्यों को समकालीन संदर्भों से जोड़ते हुए बहुआयामी अध्ययन और अनुसंधान को बढ़ावा देगा।
इस पहल का उद्देश्य भारतीय ज्ञान प्रणाली को पुनर्जीवित करना है, ताकि तार्किक विचार, नैतिक दृष्टि और सार्वभौमिक करुणा के आधार पर वैश्विक चुनौतियों के समाधान खोजे जा सकें।यह केंद्र न केवल शैक्षणिक और अनुसंधान गतिविधियों को मजबूत करेगा, बल्कि भारत की उस प्रतिबद्धता का भी प्रतीक बनेगा जो सचेत प्रगति, समावेशी विकास और समग्र कल्याण पर आधारित भविष्य के निर्माण की दिशा में अग्रसर है। बैठक में अपर मुख्य सचिव अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आलोक कुमार, विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह, निदेशक आईआईटी जोधपुर प्रो. अविनाश कुमार अग्रवाल, प्रो. जयमाला विश्नोई, प्रो. एचडी चारण सहित शासी निकाय और गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के अन्य सदस्यगण भौतिक एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


