
महामना का संपूर्ण जीवन राष्ट्र, समाज एवं शिक्षा को समर्पित रहा- पुष्पेन्द्र कुलश्रेष्ठ
Lucknow News - -महामना मालवीय मिशन ने महामना पं. मदन मोहन मालवीय की 164वीं जयंती मनी
गोमतीनगर स्थित महामना मालवीय मिशन की ओर से भारत रत्न महामना पं. मदन मोहन मालवीय की 164वीं जयंती की पूर्व संध्या पर बुधवार को वैचारिक समारोह मनाया गया। मुख्य वक्ता राष्ट्रीय चिंतक एवं विचारक पुष्पेन्द्र कुलश्रेष्ठ ने कहा कि महामना का संपूर्ण जीवन राष्ट्र, समाज एवं शिक्षा के उत्थान को समर्पित रहा। उनके विचार आज भी समाज को सही दिशा प्रदान करते हैं। भारत आदि-अनादि काल से कर्म प्रधान देश रहा है। महामना मालवीय मिशन दिल्ली के संरक्षक प्रभु नारायण श्रीवास्तव ने कहा कि महामना मालवीय हिंदू समाज के अजातशत्रु थे। उनके समान व्यक्तित्व का जन्म अभी तक पूरे विश्व में नहीं हुआ।
मिशन उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए निरंतर समाज सेवा के कार्यों में तत्पर है। महामना के प्रेरणास्पद पंक्ति ‘मर जाऊं पर मांगू नहीं, अपने हित के काज। परमारथ के कारणे, मोहिं न आवै लाज’ पंक्ति पढ़ते हुए कहा कि यही आदर्श मिशन की कार्यप्रणाली का मूल आधार है। छात्रा सम्मानित मिशन के वरिष्ठ सदस्य आरएन वर्मा को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। मिशन के प्रचार सचिव वीपी श्रीवास्तव एवं संगठन सचिव प्रदीप मिश्रा ने वाद-विवाद प्रतियोगिता में पहल स्थान पाने वाले विद्यालय को शील्ड देकर सम्मानित किया। कक्षा-2 की छात्रा को श्रीमद्भगवद्गीता के 15वें अध्याय का सस्वर एवं शुद्ध पाठ प्रस्तुत करने पर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मिशन की लखनऊ शाखा के महासचिव देवेंद्र स्वरूप शुक्ला,रमाकांत पांडे,कौशिक चैतन्य,विक्रांत खंडेलवाल समेत अन्य मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




