सीबीएसई: लखनऊ रीजन में 91.63 फीसदी परीक्षार्थी पास
सीबीएसई ने 2025-26 सत्र के 10वीं का रिजल्ट जारी किया। लखनऊ रीजन में 91.63% परीक्षार्थी पास हुए। डीपीएस एल्डिको की स्वस्ति जैन ने 99.2% अंक प्राप्त किए। अन्य छात्रों ने भी उत्कृष्ट अंक प्राप्त किए। परिणाम जारी होते ही छात्रों और अभिभावकों में खुशी का माहौल था।

लखनऊ, कार्यालय संवाददाता। सीबीएसई ने 2025-26 सत्र के 10 वीं का रिजल्ट बुधवार को जारी कर दिया। लखनऊ रीजन में 91.63 फीसदी परीक्षार्थी पास हुए हैं। जबकि बीते वर्ष 91 फीसदी परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए थे। इस बार पिछले वर्ष के मुकाबले बेहतर रिजल्ट रहा। उपलब्ध परिणाम और स्कूलों के दावों के अनुसार डीपीएस एल्डिको रायबरेली रोड की स्वस्ति जैन ने 99.2 फीसदी अंक लाकर शहर का नाम रोशन किया है। वहीं लखनऊ पब्लिक स्कूल (सीपी सिंह फाण्डेशन) साउथ सिटी की अन्वी द्विवेदी, डीपीएस एल्डिको की ऐश्वर्या मेहता, डीपीएस जानकीपुरम के विहान उप्पल व आरएलबी की अक्षरा पाण्डेय को 99 फीसदी अंक मिले हैं।
जबकि डीपीएस इंदिरानगर की स्थिति गुप्ता ने 98.8, एसकेडी के यथार्थ कुशवाहा ने 98.6 प्रतशित, साउथ सिटी स्थित द मिलेनियम स्कूल की अविका गोस्वामी व आदिक्षा पटेल, डीपीएस जानकीपुरम के रिदम श्रीवास्तव, डीपीएस एल्डिको की अद्रति शुक्ला ने 98.4 फीसदी, डीपीएस जानकीपुरम के रूपेश श्रीवास्तव ने 98.2 फीसदी, डीपीएस जानकीपुरम की प्रिशा सिंह व स्निग्धा सिंह और डीपीएस इंदिरानगर की अनिका चौधरी व डीपीएस एल्डिको के अनिरुद्ध द्विवेदी ने 98 फीसदी अंक हासिल किये हैं। सीबीएसई 10वीं की परीक्षाएं 17 फरवरी से 11 मार्च के बीच आयोजित हुई थी। लखनऊ में 10 वीं के करीब 20 हजार विद्यार्थियों ने शहर में बने 41 परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा दी थी। सीबीएसई की बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम का छात्रों को इंतजार था। बोर्ड ने बिना किसी पूर्व सूचना के बुधवार को दोपहर बाद परिणाम जारी कर दिया। परिणाम जारी होने की सूचना मिलते ही अभिभावक और छात्र अपने-अपने विद्यालय पंहुचने लगे। विद्यालय में सफल बच्चों ने अपने अभिभावकों और शिक्षकों के साथ जश्न मनाया। स्कूल प्रबंधन ने स्कूल में सर्वाधिक अंक लाने वाले मेधावियों और अभिभावकों को मिठाई खिलाई। छात्र-छात्राओं ने सहपाठियों संग सेल्फी ली।रिजल्ट देखने मोबाइल पर जुटे छात्र: सीबीएसई ने बिना किसी सूचना के बुधवार शाम करीब सवा चार बजे 10 वीं के परिणाम जारी करने की घोषणा की। कुछ ही देर में बोर्ड की वेबसाइट पर 10 वीं के परिणाम का लिंक भी एक्टिव हो गया। छात्र-छात्राओं में रिजल्ट देखने की होड़ दिखी। सोशल साइट पर रिजल्ट जारी होने की सूचना आने के बाद से ही परीक्षा में शामिल छात्रों ने बोर्ड की वेबसाइट पर खंगालना शुरू कर दी। रिजल्ट देखते ही छात्रों के चेहरे पर सफलता की खुशी भी दिखी। छात्रों ने अपनी सफलता का जश्न उत्साह से मनाया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


