कबाब पराठा खा रहे युवक पर हमला, रिपोर्ट
Lucknow News - दुबग्गा में एक युवक पर कार सवार ने हमला किया जब वह दुकान में कबाब पराठा खा रहा था। गाली-गलौज के बाद दबंगों ने उसे लाठी-डंडों से पीटा। पीड़ित ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

काकोरी, संवाददाता। दुबग्गा में शनिवार रात एक दुकान में कबाब पराठा खा रहे युवक पर कार सवार ने हमला कर दिया। भीड़ को आता देखकर कार सवार मौके से भाग गए। पीड़ित लहूलुहान हालत में थाने पहुंचा और आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। जेहटा रोड निवासी गौरव कुमार हजरतगंज स्थित इंदिरा भवन में नौकरी करता है। उसने बताया कि वह शनिवार शाम प्ररेणा स्थल चौराहे स्थित दुकान पर कबाब पराठा खा रहा था। आरोप है कि हयातनगर निवासी सतीश अपने दोस्त उदय समेत तीन अज्ञात लोगों के साथ नशे में कार से आया, और सड़क किनारे खड़े लोगों से गाली-गलौज करने लगा।
विरोध करने पर दबंग उसे गाली-गलौज देते हुए लाठी-डंडे से मारने लगे। मारपीट होता देखकर आसपास के लोग आने लगे। भीड़ को आता देखकर कार सवार मौके से भाग निकले। गौरव खून से सना हुआ थाने पहुंचा। उसने पुलिस को अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। पुलिस ने घायल का मेडिकल कराने के बाद आरोपी कार सवार समेत तीन-चार अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। इंस्पेक्टर श्रीकांत राय ने बताया कि पीड़ित ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



