
नगर स्वास्थ्य अधिकारी को नहीं मिला एक भी सफाई कर्मी
संक्षेप: Lucknow News - राजधानी की सफाई व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। नगर निगम के निरीक्षण में लायंस इनवायरो प्राइवेट लिमिटेड के कर्मचारी सफाई करते नहीं पाए गए। कई क्षेत्रों में कूड़ा और गंदगी फैली हुई है। महापौर ने सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए हैं और लापरवाही बरतने पर ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
राजधानी की सफाई व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। नगर निगम की ओर से सफाई का ठेका जिन कंपनियों को दिया गया है, वे लगातार लापरवाही बरत रही हैं। बंगला बाजार क्षेत्र में नगर स्वास्थ्य अधिकारी के औचक निरीक्षण में यह हकीकत सामने आई कि ठेकेदार कंपनी लायंस इनवायरो प्राइवेट लिमिटेड का एक भी कर्मचारी मौके पर सफाई करते नहीं मिला। मुख्य बाजारों, नालों और सड़कों पर चारों तरफ गंदगी फैली हुई थी। नगर स्वास्थ्य अधिकारी ने अपनी रिपोर्ट में लिखा है कि बंगला बाजार क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान नाले-नालियों से लेकर गलियों तक कूड़ा जमा था और कोई सफाई कर्मचारी मौजूद नहीं था।

स्थिति देखकर नगर निगम ने संबंधित कंपनी पर ₹50 हजार का जुर्माना लगाया है। तत्काल सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए हैं। -------------- अन्य इलाकों में भी बदतर हालात बंगला बाजार ही नहीं, बल्कि अलीगंज, जानकीपुरम, जानकीपुरम विस्तार, सीतापुर रोड, फैजुल्लागंज, चिनहट, इंदिरा नगर विस्तार और देवा रोड समेत कई क्षेत्रों में भी कूड़ा पड़ा हुआ है। नागरिकों का कहना है कि पिछले कई दिनों से नियमित सफाई नहीं हो रही। गोमती नगर में गुरुवार को बड़ी मात्रा में कूड़ा उठाने की बजाय जला दिया गया, जिससे पूरे इलाके में धुआं फैल गया। आशियाना में भी ऐसा ही किया गया और स्थानीय लोगों ने इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। महापौर सुषमा खर्कवाल और नगर आयुक्त दोनों ने सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। ----------------- शहर की सड़कों पर बदबू और नाराजगी दोनों लोगों का कहना है कि नगर निगम की बार-बार चेतावनियों के बावजूद कंपनियां सुधरने को तैयार नहीं हैं। नालियों से गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे बदबू के साथ संक्रमण का खतरा भी बढ़ गया है। नागरिकों ने मांग की है कि सफाई कंपनियों की जवाबदेही तय कर उनका अनुबंध निरस्त किया जाए।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




