ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश लखनऊकैबिनेट मंत्री डॉ. रीता बहुगुणा ने निर्माण विभाग के अधिकारियों को किया लखनऊ तलब

कैबिनेट मंत्री डॉ. रीता बहुगुणा ने निर्माण विभाग के अधिकारियों को किया लखनऊ तलब

प्रदेश सरकार की पर्यटन व परिवार कल्याण मंत्री डा. रीता बहुगुणा जोशी रविवार को बौद्ध तीर्थ क्षेत्र श्रावस्ती पहुंचीं। उन्होंने यहां 51 करोड़ रुपए की लागत से निर्माणाधीन बौद्ध थीम पार्क व फैसिलिटी सेंटर...

कैबिनेट मंत्री डॉ. रीता बहुगुणा ने निर्माण विभाग के अधिकारियों को किया लखनऊ तलब
हिन्दुस्तान संवाद,कटरा(श्रावस्ती )।Sun, 11 Nov 2018 05:15 PM
ऐप पर पढ़ें

प्रदेश सरकार की पर्यटन व परिवार कल्याण मंत्री डा. रीता बहुगुणा जोशी रविवार को बौद्ध तीर्थ क्षेत्र श्रावस्ती पहुंचीं। उन्होंने यहां 51 करोड़ रुपए की लागत से निर्माणाधीन बौद्ध थीम पार्क व फैसिलिटी सेंटर सहित अन्य निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। काम की सुस्त गति पर नाराजगी जताते हुए मंत्री ने संबन्धित विभाग व कार्यदायी संस्था को काम मे तेजी लाने का निर्देश दिया।
प्रदेश सरकार की कैबिनेट मंत्री रीता बहुगुणा जोशी रविवार को श्रावस्ती पहुंचीं। तय समय 11 बजे से आधा घंटा पहले पहुंची मंत्री का श्रावस्ती के लोकनिर्माण विभाग के डाक बंगले में पर्यटन विभाग के अधिकारियों ने स्वागत किया। इस दौरान मंत्री ने सांसद, विधायक व भाजपा जिलाध्यक्ष के साथ क्षेत्रीय विकास पर चर्चा की। यहां से मंत्री स्वदेश दर्शन योजना के निर्माणाधीन कार्यों का जायजा लेने मौके पर पहुंची। सबसे पहले मंत्री ने वर्क प्लान का अवलोकन किया। मंत्री ने अधिकारियों का ध्यान संभावित जलभराव की ओर दिलाया। इस संबन्ध में उन्होंने जल निगम, पर्यटन व लोक निर्माण विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों से संयुक्त बैठक कर समस्या निस्तारण की योजना बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने वर्ल्ड पीस वेल का निर्माण दिसंबर तक पूरा करने का निर्देश दिया। मंत्री ने श्रावस्ती मे सुलभ इंटरनेशनल की ओर से बनाए गये टायलेट का पर्यटन विभाग को अब तक हस्तांतरण न किये जाने पर नाराजगी जताई। इस दौरान डीएम दीपक मीणा ने बताया कि करीब एक करोड़ की लागत से बने शौचालय की कई बार संबन्धित कार्य की पत्रावली की मांग की गई। लेकिन संबन्धित विभाग की तरफ से नहीं उपलब्ध कराया गया। इस पर मन्त्री ने क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी को तीन दिवस के अंदर संपूर्ण जानकारी के साथ लखनऊ पहुंचने का निर्देश दिया।
पत्रकारों की ओर से राम मन्दिर मामले पर सवाल किए जाने पर मंत्री ने कहा कि मोदी जी व योगी जी के नेतृत्व में केन्द्र व प्रदेश सरकार सबका साथ सबका विकास पर काम कर रही है। मोदी व योगी के कार्यों से परेशान विपक्ष अनर्गल आरोप लगा कर जनता को भ्रमित करने का काम कर रहा है। विपक्ष का झूठा आरोप सफल नहीं होगा और 2019 में मोदी जी एक बार फिर प्रधानमन्त्री बनेंगे। इसके बाद मंत्री लवकुश की जन्मभूमि सीताद्वार पहुंची। मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने सीताद्वार झील का निरीक्षण किया। झील में फैली गंदगी पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने झील की साफ सफाई का निर्देश डीएम दीपक मीणा को दिया। इस दौरान श्रावस्ती विधायक रामफेरन पांडेय ने मन्त्री से झील के चारो ओर परिक्रमा मार्ग बनवाने की मांग की। इस मौके पर सांसद दददन मिश्र, विधायक श्रावस्ती राम फेरन पांडेय, भाजपा जिलाध्यक्ष शंकरदयाल पाण्डेय, विधायक भिनगा असलम रायनी, डीएम दीपक मीणा, एसपी आशीष श्रीवास्तव, भाजपा नेता महराजप्रकाश उर्फ बब्बू तिवारी, बृजेश दूवे,फैजाबाद पर्यटन अधिकारी कृष्णपाल सिंह, ,प्रबंधक गेस्ट हाऊस शाहिद जमाल ,क्षेत्राधिकारी तारकेश्वर पाण्डेय, तहसीलदार राम दयाल वर्मा आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें