ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश लखनऊपंडित दीन दयाल उपाध्याय जन्म शती कार्यक्रमों को कैबिनेट की हरी झंडी

पंडित दीन दयाल उपाध्याय जन्म शती कार्यक्रमों को कैबिनेट की हरी झंडी

कैबिनेट ने पंडित दीन दयाल उपाध्याय जन्म शती कार्यक्रमों को हरी झंडी दे दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट की बैठक में मुगल सराय रेलवे स्टेशन का नाम पंडित दीन...

पंडित दीन दयाल उपाध्याय जन्म शती कार्यक्रमों को कैबिनेट की हरी झंडी
विशेष संवाददाता,लखनऊTue, 06 Jun 2017 08:03 PM
ऐप पर पढ़ें

कैबिनेट ने पंडित दीन दयाल उपाध्याय जन्म शती कार्यक्रमों को हरी झंडी दे दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट की बैठक में मुगल सराय रेलवे स्टेशन का नाम पंडित दीन दयाल के नाम पर रखने का फैसला किया गया। यह भी फैसला किया गया कि नामकरण के लिए यूपी सरकार की ओर से एक प्रस्ताव केंद्रीय रेलवे मंत्रालय को भेजा जाएगा। खास बात यह है कि इसी रेलवे स्टेशन पर उनकी आकस्मिक मृत्यु हो गई थी। 

कैबिनेट के फैसले की जानकारी देते हुए राज्य सरकार के प्रवक्ता और कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने बताया कि पंडित दीन दयाल उपाध्याय की जन्मशती पर केंद्र सरकार उनके अंत्योदय के विचारों को लेकर काम कर रही है। उसी के आधार पर केंद्र सरकार की नीतियां बन रही हैं। यूपी सरकार का भी संकल्प है कि उसकी योजनाएं और कार्यक्रम अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचे। इसी दिशा में सभी विभाग अपने-अपने कार्यक्रम और योजनाएं लागू करेंगे। 

पंडि़त दीन दयाल उपाध्याय की जन्म शती के उपलक्ष्य में विभाग क्या करेंगे, इसके लिए उप मुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा की अध्यक्षता में एक कमेटी बनाई गई थी। इस कमेटी में कैबिनेट मंत्री सुरेश शर्मा, चौधरी लक्ष्मी नारायण, चेतन चौहान और डा. महेंद्र सिंह शामिल हैं। कमेटी ने चर्चा के बाद सूचना विभाग को नोडल इकाई बनाया है। 

प्रमुख सचिव सूचना अवनीश अवस्थी ने कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि नगला चंद्रभान का विकास पर्यटन विभाग करेगा। जन्म शताब्दी का लोगो भी तय कर दिया गया है। अब सरकारी कामकाज व पत्र व्यवहार में लेटर हैड पर इस लोगो का इस्तेमाल होगा। होर्डिंग, बैनर पर इसका इस्तेमाल शुरू हो गया है। दीन दयाल की डा. महेश शर्मा द्वारा लिखित उनकी बायोग्राफी सभी विश्वविद्यालयों में पढ़ाई जाएगी। उसका वितरण सभी विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में किया जाएगा। सूचना विभाग हर जिले ब्लाक स्तर पर दीन दयाल की जीवनी पर प्रदर्शनी लगाएगा। उच्च शिक्षा विभाग विश्वविद्यालयों में दीन दयाल शोध पीठ की स्थापना करेगा। परिचर्चा व संगोष्ठी होंगी। मेरिट वाले विद्यार्थियों को विशेष पुरस्कार दिए जाएंगे। 

माध्यमिक शिक्षा विभाग वाद विवाद प्रतियोगिता और प्रभात फेरिया निकालेगा। जनपद स्तरीय सरकारी पुस्तकालयों का नाम भी पंडित दीन दयाल के नाम पर रखा जाएगा। बेसिक शिक्षा विभाग भी स्कूलों में कार्यक्रम करेगा। नगर विकास विभाग 438 नगर पंचायतों में से चुनिंदा को माडल के रूप में विकसित करेगा। खेल विभाग खेल प्रतियोगिताएं कराएगा। सांस्कृतिक विभाग लोक संस्कृति व लोक गीतों पर आधारित कार्यक्रम करेगा। वन विभाग पौधारोपण का काम करेगा। परिवहन विभाग अपने अच्छी सेवा वाले बस परिचालकों को एक लाख का पुरस्कार देगा। कृषि विभाग मेले और प्रदर्शनी लगाएगा। ऊर्जा मंत्रालय ने दीन दयाल उपाध्याय विद्युतीकरण योजना शुरू की है, यूपी सरकार इस काम में तेजी लाएगी। 40 लाख बीपीएल परिवारों को एलईडी उपलब्ध कराई जाएगी।  

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें