बाइक से कार में टक्कर मारी, विरोध पर 500 मीटर तक पीछा कर किया पथराव, चालक समेत तीन घायल
- शहीदपथ पर कार सवार अराजकतत्वों की दगंबई - प्रयागराज के व्यवसायी की कार पर

- कार में टक्कर मारने का व्यवसायी ने किया था विरोध
घटना का विवरण
- सुशांत गोल्फ सिटी थाने में बाइक सवारों पर मुकदमा
लखनऊ, संवाददाता।
शहीदपथ पर जी-20 चौराहा सर्विस लेन से फिनिक्स पलासियो गेट नंबर पांच तक तीन बाइकों पर सवार छह से आठ युवकों ने जमकर उपद्रव किया। प्रयागराज के कार व्यवसायी शशांक वीर सिंह की कार का पीछा कर पथराव किया। पथराव से व्यवसायी की कार से शीशे टूट गए। व्यवसायी समेत चालक और उनका एक अन्य साथी घायल हो गया। घटना से व्यवसायी दहशत में हैं। दरअसल बाइक सवार ने उनकी कार में टक्कर मार दी थी। उन्होंने कार रोककर विरोध किया तो बाइक सवारों ने अपने साथियों को बुला लिया और पीछा कर पथराव किया। पुलिस ने व्यवसायी की तहरीर पर अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है。
व्यवसायी का बयान
पीड़ित व्यवसायी शशांक वीर सिंह प्रयागराज के अल्लापुर किदवई नगर के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि आठ जून की सुबह करीब पौने 11 बजे अपने साथियों के साथ कार से पलासियो मॉल जा रहे थे। आरोप है कि शहीद पथ पर जी-20 रोड चौराहे की सर्विस लेन पर पीछे से आ रहे काले रंग की बाइक पर सवार लड़कों ने उनकी कार में टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद वह कार से उतरे और यह देखने लगे कि कार कहां से क्षतिग्रस्त हुई है? वह कार का नुकसान देख रहे थे। इसी बीच बाइक सवार दबंग युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। व्यवसायी जबतक कुछ समझते बाइक सवार युवकों ने फोन कर अपने साथियों को बुला लिया। दो अन्य बाइकों से चार से पांच लोग आ गए।
पुलिस की कार्रवाई
व्यवसायी शशांक ने स्थिति बिगड़ती देखी तो वह अपने साथियों के साथ कार में बैठकर पलासियो मॉल की ओर बढ़े। आरोप है कि बाइक सवार युवकों शहीद पथ से प्लासियो मॉल तक उनकी कार का पीछा कर पथराव किया। गेट नंबर पांच पर पहुंचते ही बाइक सवार दबंग युवकों ने कार के आगे पीछे होते हुए पथराव करते रहे। कार पर हाथ मारकर कभी थपथपाते कभी कट मार कर आगे पीछे बाइक करते। रुकते ही ईंट-पत्थरों से हमला बोल दिया। हमले में कार क्षतिग्रस्त हो गई और शीशे टूट गए। हमले में शशांक उनके साथी और चालक घायल हो गए। बाइक सवार युवक पथराव के बाद मौके से फरार हो गए। सुशांत गोल्फ सिटी इंस्पेक्टर राजीव रंजन उपाध्याय ने बताया कि शशांक की तहरीर पर बाइक सवार हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उनकी तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। सीसी फुटेज चेक की जा रही हैं।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


