समस्याओं का समाधान कर सकते हैं स्टार्टअप, सही दिशा जरूरीः वसव कृष्णा

Jan 08, 2026 08:22 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, लखनऊ
share Share
Follow Us on

Lucknow News - केएमसी भाषा विश्वविद्यालय में 'बिल्डिंग द फ्यूचर: स्टार्टअप सपोर्ट एंड एआई इनोवेशन' विषय पर विशेषज्ञ व्याख्यान हुआ। आईआईटी कानपुर के विशेषज्ञों ने स्टार्टअप को आगे बढ़ाने के टिप्स दिए। मुख्य वक्ता वसव कृष्णा ने बताया कि एआई और डेटा-आधारित नवाचार समाज की समस्याओं का समाधान कर सकते हैं।

समस्याओं का समाधान कर सकते हैं स्टार्टअप, सही दिशा जरूरीः वसव कृष्णा

केएमसी भाषा विश्वविद्यालय में गुरुवार को बिल्डिंग द फ्यूचर : स्टार्टअप सपोर्ट एंड एआई इनोवेशन विषयक एक विशेषज्ञ व्याख्यान व संवादात्मक सत्र का आयोजन हुआ। विश्वविद्यालय के अटल सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम को अवध इनक्यूबेशन फाउंडेशन के सहयोग कराया गया। जिसमें आईआईटी कानपुर के विशेषज्ञों ने विश्वविद्यालय के शिक्षकों व शोधार्थियों को स्टार्टअप को आगे बढ़ाने के लिए टिप्स दिए। मुख्य वक्ता आईआईटी कानपुर में स्टार्टअप इनक्यूबेशन एंड इनोवेशन सेंटर के प्रमुख वसव कृष्णा ने कहा कि वर्तमान समय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डेटा-आधारित नवाचार का युग है, जहां स्टार्ट-अप्स समाज की वास्तविक समस्याओं के समाधान प्रस्तुत कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि एआई और मशीन लर्निंग स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, पर्यावरण, मीडिया और प्रशासन जैसे अनेक क्षेत्रों में परिवर्तनकारी भूमिका निभा रहे हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों व शोधार्थियों से कहा कि एक सफल स्टार्टअप की नींव समस्या की स्पष्ट पहचान, स्थानीय जरूरतों की समझ और तकनीक के सार्थक उपयोग पर आधारित होती है। केवल विचार पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे प्रोटोटाइप, परीक्षण (वैलिडेशन) और स्केलेबिलिटी के चरणों से गुजारना आवश्यक है। इस अवसर पर राफ्ट्स एंड रिवर्स के संस्थापक एवं अवध इनक्यूबेशन फाउंडेशन के नॉलेज पार्टनर नृपिन भट्ट ने इनक्यूबेशन की प्रक्रिया, मेंटरशिप मॉडल व उत्तर प्रदेश सरकार की विभिन्न स्टार्ट-अप एवं नवाचार योजनाओं की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि नवाचार और उद्यमिता आज उच्च शिक्षा की प्रमुख जरूरतों में एक है। विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को स्टार्ट-अप, शोध व उद्योग से जोड़ने की दिशा में निरंतर प्रयास कर रहा है। अवध इनक्यूबेशन फाउंडेशन के उपाध्यक्ष प्रो. सैयद हैदर अली, डॉ. रुचिता सुजॉय चौधरी, डॉ. दुआ नकवी, प्रो. तनवीर खदीजा, डॉ. मनीष, डॉ. उधम सिंह और डॉ. राज कुमार समेत विश्वविद्यालय के अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।