मंत्री दिनेश प्रताप ने उठाए आयकर कार्रवाई पर सवाल

Feb 25, 2026 07:07 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, लखनऊ
share

Lucknow News - बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के यहां बुधवार को शुरू हुई आयकर विभाग की कार्रवाई के बाद योगी सरकार के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह कार्रवाई

मंत्री दिनेश प्रताप ने उठाए आयकर कार्रवाई पर सवाल

लखनऊ, विशेष संवाददाता बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के यहां बुधवार को शुरू हुई आयकर विभाग की छापे के बाद योगी सरकार के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह कार्रवाई के विरोध में खुलकर उतर आए हैं। दिनेश प्रताप असल में उमाशंकर सिंह के समधी हैं। सोशल मीडिया पर किए तीखे पोस्ट में उन्होंने उमाशंकर सिंह की बीमारी की हवाला देते हुए इस कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूछा है कि कौन संवेदनहीन राजनेता या संस्था हो सकती है, जो ऐसी परिस्थितियों में भी पीड़ा देने की सोच सकता है। उद्यान विभाग के स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह के सोशल मीडिया पोस्ट ने सियासी माहौल गर्मा दिया है।

दिनेश प्रताप ने लिखा है कि उमाशंकर सिंह विधायक रसड़ा बलिया जिनके घर में मेरी बेटी व्याही है, के घर में बुधवार को आयकर विभाग द्वारा रेड की जा रही है। देश-प्रदेश के राजनेता आयकर सहित सभी संस्थाओं को पता है कि उमाशंकर सिंह दो वर्ष से अधिक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं। वर्तमान परिस्थितियों में उमाशंकर सिंह के लिए धनार्जन नहीं सांसे बचाने में ही सारा समय और धन व्यय हो रहा है। उन्होंने लिखा कि सभी व्यवसाय लगभग बंद हो गए हैं। आज अपने आवास में आइसोलेशन में रह रहे हैं। विधानसभा का सत्र एक विधायक के लिए महत्वपूर्ण होता है, लेकिन एक घंटे के लिए भी नहीं जा सके। इस समय उनके घर पर नर्स या डॉक्टर को भी जाने की अनुमति नहीं है। कहा प्रभु ऐसे लोगों व संस्थाओं को सद्बुद्धि दे दिनेश प्रताप ने लिखा है कि यदि उनके जीवन को कोई हानि होती हैं, तो ये संवेदनहीन संस्थाएं जिम्मेदार होंगी। इस प्रकार की परिस्थितियों में दुर्लभतम अपराधों में भी न्यायालय दया के आधार पर याचिका स्वीकार कर दोष मुक्त कर देते हैं, किंतु इस कठिन दौर में भी कौन संवेदनहीन राजनेता या संस्था हो सकती हैं जो ऐसी परिस्थितियों में पीड़ा देने की सोच सकता है। प्रभु ऐसे लोगों को और संस्थाओं को सदबुद्धि दे। सत्ताधारी मंत्री के अपने समधी के समर्थन में किए इस पोस्ट को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। उनकी पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए कई लोगों ने लिखा कि भरोसा रखिए, प्रदेश और केंद्र में आपकी पार्टी की सरकार है। वहीं कुछ ने तंज कसा है कि विपक्षी नेताओं के यहां ऐसी कार्रवाई का विरोध नहीं किया जाता।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।