मुर्गा चोरी के शक में मजदूर को बेरहमी से पीटकर किया लहूलुहान
निगोहां में मुर्गा चोरी के आरोप में दो भाइयों ने एक मजदूर की बुरी तरह से पिटाई की। घायल मजदूर रातभर सड़क पर बेहोश पड़ा रहा, लेकिन सुबह ग्रामीणों की मदद से पुलिस थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई। आरोपी अभी फरार हैं, जबकि घायल का इलाज जारी है।
निगोहां, लखनऊ, संवाददाता। मुर्गा चोरी के आरोप में दबंग भाइयों ने एक मजदूर की बेरहमी से पिटाई की। लहूलुहान मजदूर को आरोपी लावारिस हालत में छोड़कर फरार हो गए। घायल मजदूर रातभर सड़क किनारे बेसुध पड़ा रहा। सुबह होश आने पर ग्रामीणों की मदद से वह निगोहां थाने पहुंचा। फिर आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। निगोहां के करनपुर गांव निवासी रामानंद ने बताया कि शुक्रवार रात गांव के ही प्रदीप ने भाई दुर्गेश के साथ उस पर देशी मुर्गा चोरी करने का आरोप लगाया। आरोप लगाते ही दोनों भाइयों ने उसे पकड़ लिया। लाठी डंडों से खूब पीटा। वह खुद को निर्दोष बताता रहा, लेकिन दोनों भाइयों ने एक न सुनी।
लगातार उसे पीटते रहे। हमले में रामानंद के सिर में गंभीर चोट लगी। वह लहूलुहान होकर सड़क किनारे जमीन पर गिर पड़ा। पीड़ित रामानंद का आरोप है कि पिटाई के बाद आरोपी भाई उसे लहूलुहान हालत में छोड़कर चले गए। गंभीर चोट लगने के कारण वह रातभर बेसुध हालत में पड़ा रहा। शनिवार सुबह जब होश आया तो आसपास के लोगों ने उसकी मदद की। इसके बाद वह निगोहां थाने पहुंचा और पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी। घायल मजदूर की हालत देखकर पुलिस ने उसे इलाज के लिए स्थानीय सीएचसी भेजा, जहां डाॅक्टरों ने उसका प्राथमिक इलाज किया। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर है। मामले में निगोहां थाने के एसआई अनूप तिवारी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर प्राप्त हुई है। आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


