ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश लखनऊ गोमती नदी पर मिली युवती की लाश, सीमा विवाद में छह घण्टे उलझा रहा मामला

गोमती नदी पर मिली युवती की लाश, सीमा विवाद में छह घण्टे उलझा रहा मामला

जिले की सीमा से सटे संदना क्षेत्र में मंगलवार रात उस समय हड़कम्प मच गया, जब हरदोई सीमा से गुजरी गोमती नदी के छोर पर एक लाश उतराती दिखी। आधी रात तक मामला सीमा विवाद में उलझा रहा। फिर जिले के सदना थाने...

 गोमती नदी पर मिली युवती की लाश, सीमा विवाद में छह घण्टे उलझा रहा मामला
हिन्दुस्तान संवाद,कल्ली गोंदलामऊ (सीतापुर)।Wed, 09 Jan 2019 02:20 PM
ऐप पर पढ़ें

जिले की सीमा से सटे संदना क्षेत्र में मंगलवार रात उस समय हड़कम्प मच गया, जब हरदोई सीमा से गुजरी गोमती नदी के छोर पर एक लाश उतराती दिखी। आधी रात तक मामला सीमा विवाद में उलझा रहा। फिर जिले के सदना थाने की पुलिस ने युवती के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मामले में युवती के साथ दुष्कर्म कर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थितियां स्पष्ट हो पाएंगी। फिलहाल शरीर पर मिले साक्ष्य के आधार पर मरने वाले की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। 
बताते हैं कि सदना थानाक्षेत्र के आमाघाट के करीब गांव वालों ने नदी में उतराता हुआ शव रात करीब नौ बजे देखा। कुछ ही देर में  खबर आसपास के इलाके में फैल गई। इसी के बाद सूचना पुलिस को मिली। संदना थाना प्रभारी धर्मराज उपाध्याय फोर्स सहित मौके पर पहुंचे। उधर से हरदोई जिले के संडीला सर्किल प्रभारी नागेश मिश्र भी पुलिस के साथ आ गए। इसी के बाद नदी के दोनों छोरों पर मौजूद पुलिस के बीच सीमा विवाद में मामला उलझा रहा। 
करीब छह घण्टे तक चली दलीलों के बाद पड़ोसी जनपद हरदोई के सीओ वापस लौट गए। बाद में एसओ धर्मराज उपाध्याय ने गोताखोर और नाव की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाया। काफी प्रयास के बावजूद 25 वर्षीय युवती की पहचान नहीं हो सकी है। अपर पुलिस अधीक्षक महेन्द्र प्रताप का कहना है कि युवती सलवार सूट और गले में माला पहने हुए थी। कई साक्ष्य और मिले हैं। पहचान का प्रयास करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। युवती के साथ क्या हुआ, ये मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा। फिलहाल लोगों ने दुष्कर्म कर हत्या किए जाने की आशंका जताई है।  
 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें