ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश लखनऊभूमि विवाद में दो पक्षों में खूनी संघर्ष, तड़तड़ाई गोलियां 

भूमि विवाद में दो पक्षों में खूनी संघर्ष, तड़तड़ाई गोलियां 

भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों में शनिवार की दोपहर में जमकर लाठियां चलीं। गोलियां दागी गईं। जिसमें एक पक्ष के चार व दूसरे पक्ष के तीन महिलाओं सहित सात लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस को एक असलहा...

भूमि विवाद में दो पक्षों में खूनी संघर्ष, तड़तड़ाई गोलियां 
हिन्दुस्तान संवाद,बहराइचSun, 28 May 2017 08:17 PM
ऐप पर पढ़ें

भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों में शनिवार की दोपहर में जमकर लाठियां चलीं। गोलियां दागी गईं। जिसमें एक पक्ष के चार व दूसरे पक्ष के तीन महिलाओं सहित सात लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस को एक असलहा भी बरामद हुआ है। घायलों को मोतीपुर सीएचसी लाए जाने पर छर्रा लगने से जख्मी तीन लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। कई थानों की पुलिस गांव में चौकसी बरत रही है। दोनों पक्षों की ओर से तहरीर दी गई है। 
मोतीपुर थाने के पुरैना के मजरे मदरहनपुरवा निवासिनी गीता यादव पत्नी दिनेश यादव ने लगभग डेढ़ दशक पूर्व अपनी कुछ जमीन जगदीश यादव को बंटाई पर दे रखी थी। कुछ सालों से गीता को खेत से सही मात्रा में बंटाईदार जगदीश की ओर से खाद्यान्न नहीं दिया जा रहा था। जिस पर गीता देवी ने अपनी जमीन इसी गांव निवासी खेलावन गोड़िया के हाथ छह फरवरी को बेच दी थी। खेलावन गोड़िया शनिवार की दोपहर में लगभग दो बजे खेत पर पहुंचा। जब इसकी जानकारी जगदीश को हुई। तो उसने खेत पर जाने से रोका। इसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हुई, जो मारपीट में बदल गई। उनमें जम कर लाठियां चलीं। इसी दौरान हमलावरों ने गोलियां चलाईं। जिससे खेलावन के पक्ष के बृजा पुत्र पांचू, मुनेश्वर पुत्र सुजान, विनोद पुत्र सियाराम को लगे। इससे लड़ाई और भड़क गई। दोनों पक्ष से जमकर लाठियां चलने लगीं। जिसमें खेलावन पक्ष के सकटू पुत्र चन्द्रभाल, जनक दुलारी पत्नी गोदीराम, संगीता पत्नी कैलाश, सुषमा देवी पत्नी रामफल घायल हो गए। जबकि जगदीश के पक्ष की ओर से जगदीश पुत्र ओरीलाल, ओंकार पुत्र जगदीश, सकटू यादव पुत्र रामपाद, पवन यादव पुत्र मन्ने घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी थानाध्यक्ष उदयभान यादव भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। जानकारी मिलते ही एसडीएम मिहींपुरवा कुंवर वीरेन्द्र मौर्य, मुर्तिहा कोतवाल राजेश कुमार यादव व अन्य थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस को भगदड़ में छूटा एक असलहा भी मिला है। सभी घायलों को मोतीपुर सीएचसी लाया गया। वहां से बृजा, मुनेश्वर व सुजान को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। प्रभारी थानाध्यक्ष उदयभान यादव ने बताया कि दोनों ओर से तहरीरें मिली हैं। तहकीकात की जा रही है। दोनों पक्षों की ओर से केस दर्ज किए जाएंगे।

 

 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें