अखिलेश को घेरते हुए केशव-पाठक ने अपनी जोड़ी को बताया सुपरहिट
-सपा मुखिया के तंज पर हमलावर भाजपा हुई, कहा 2027 में फिर

लखनऊ, विशेष संवाददाता
उपमुख्यमंत्री द्वय केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक की एक रील को सपा मुखिया अखिलेश यादव द्वारा तंज कसते हुए सोशल मीडिया पर साझा किए जाने के बाद भाजपा हमलावर है। शनिवार को पहले केशव, फिर ब्रजेश पाठक और उसके बाद प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी पलटवार किया। केशव ने अपनी जोड़ी को हिट और फिट बताया तो पाठक ने इसे प्रदेश की सुपर जोड़ी करार दिया।
केशव ने शनिवार को एक्स पर पलटवार करते हुए लिखा
केशव ने शनिवार को एक्स पर पलटवार करते हुए लिखा कि अखिलेश एक फिट और हिट जोड़ी से आपका घबराना निहायत ही जायज है। आपकी जानकारी के लिए यह अच्छा भी है, क्योंकि केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक की जोड़ी आज जनता के भरोसे की पहचान बन चुकी है। उन्होंने लिखा कि मैं महान चक्रवर्ती सम्राट चंद्रगुप्त मौर्य के वंश का प्रतिनिधि हूं और उनके आदर्शों से प्रेरित होकर अखंड भारत के निर्माण के लिए संकल्पित हूं। इसके साथ ही करुणावतार भगवान गौतम बुद्ध की विरासत से भी जुड़ा हूं, जिन्होंने संसार को शांति, समता और न्याय का मार्ग दिखाया। योजनाबद्ध तरीके से आपके संरक्षण में शाक्य समाज सहित कुशवाहा, मौर्य, सैनी और अन्य वंचित व कमजोर वर्गों पर किए गए अत्याचारों को देश-प्रदेश न भूला है और न ही भूलेगा।
केशव का तंज, 2027 में करेंगे सैफई प्रस्थान
उन्होंने लिखा कि इन अन्यायों का जवाब आने वाले समय में लोकतांत्रिक तरीके से कमल खिलाकर दिया जाएगा। 2047 तक विकसित भारत व विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प के साथ हर अन्याय का पूरा हिसाब किया जाएगा। एक अन्य पोस्ट में उन्होंने लिखा, लाल टोपी साइकिल निशान, धक्का-मुक्की जिनकी पहचान। नहीं मिलेगा उनको कोई स्थान, 2027 में करेंगे सैफई प्रस्थान।
2027 में सपा को फिर आईना दिखाएगी जनता: ब्रजेश
ब्रजेश पाठक ने एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा कि आज के नए उत्तर प्रदेश की सुपर जोड़ी की चर्चा सब जगह है। इसलिए अखिलेश मैं आपकी परेशानी को समझ सकता हूं। मेरे परम मित्र और पारिवारिक सदस्य केशव प्रसाद मौर्य और मेरे घर के दरवाजे जनता जनार्दन की सेवा के लिए 24 घंटे खुले हैं। हम बातों से ज्यादा धरातल पर कार्य करने में भरोसा रखते हैं। तुष्टीकरण और कुत्सित राजनीति आपकी वही पुरानी नीति है, जनता सब जानती है। कुर्सी मोह से ग्रसित कुत्सित राजनीति का जनता पर असर नहीं होने वाला है।
उन्होंने लिखा कि यह नया उत्तर प्रदेश है
यहां विकास भी है, जनता का विश्वास भी है, साथ भी है और आशीर्वाद भी है। मेरी आपको सलाह है कि फर्जी बयानों में कुछ नहीं रखा है, जनता सब कुछ जानती है। चुनावों में जनता लगातार आपको आईना दिखाती रहती है और आगामी चुनावों में भी दिखाएगी। हम भगवान बुद्ध के शांति, बंधुत्व और सौहार्द के पथ पर सबका साथ, सबका विकास की विचारधारा के साथ अग्रसर हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की पूर्ति लिए दृढ़संकल्पित हैं। जनता के विश्वास और आशीर्वाद से भाजपा पुनः 2027 में सरकार बनाने वाली है।
हार की हैट्रिक से बौखलाहट है दिखती: पंकज
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी सपा मुखिया के पोस्ट को टैग करते हुए अपनी पोस्ट में लिखा, कमल से साइकिल है जलती, इस तरह रोने से किस्मत नहीं बदलती। सिर्फ तुष्टीकरण से सत्ता नहीं मिलती, हार की हैट्रिक से बौखलाहट है दिखती।
प्रश्न और उत्तर
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


