Hindi NewsUttar-pradesh NewsLucknow NewsBJP Prepares for Uttar Pradesh Assembly Elections Voter List Verification Initiative
एसआईआर के साथ मिशन-2027 में जुटेगी भाजपा

एसआईआर के साथ मिशन-2027 में जुटेगी भाजपा

संक्षेप: Lucknow News - यूपी में चुनाव भले ही 2027 में हों मगर भाजपा ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। एसआईआर का कार्यक्रम घोषित होते ही पार्टी ने भी जमीनी स्तर

Sat, 1 Nov 2025 08:22 PMNewswrap हिन्दुस्तान, लखनऊ
share Share
Follow Us on

लखनऊ, विशेष संवाददाता भाजपा ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। एसआईआर का कार्यक्रम घोषित होते ही पार्टी ने भी जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाने का फैसला किया है। भाजपा बीएलओ की तर्ज पर अपने ब्लॉक लेवल एजेंट (बीएलए) बनाएगी। यह बीएलए मतदाता सूची की पड़ताल करने घर-घर जाएंगे। निर्वाचन आयोग से भी समन्वय बनाया जाएगा। फर्जी और दोहरे वोटर हटवाए जाएंगे। नए और खासतौर पर युवा वोटरों के नाम जुड़वाए जाएंगे। इसी विषय को लेकर शनिवार को पार्टी के राज्य मुख्यालय पर प्रदेश स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी की अध्यक्षता में हुई कार्यशाला में प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने विस्तार से आगे की रणनीति समझाई।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

कार्यशाला में जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी, क्षेत्रीय अध्यक्ष, क्षेत्रीय प्रभारी और विधान सभा संयोजक शामिल हुए। इनको मतदाता सूची पुनरीक्षण का प्रशिक्षण भी दिया गया। प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी और प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने दो चरणों में प्रदेश की बैठक ली। पहले सत्र में अवध, गोरखपुर और काशी क्षेत्र की बैठक हुई। दूसरे सत्र में कानपुर, ब्रज व पश्चिम क्षेत्र की बैठक हुई। इसमें बताया गया कि पार्टी के लिए 2027 का विधानसभा चुनाव कितना महत्वपूर्ण है। विपक्षी भ्रम फैला रहे हैं। पार्टी के सभी लोगों को अभी से जुटना होगा। बूथ स्तर का कार्यकर्ता किसी भी संगठन की अहम कड़ी है। सभी को निर्वाचन आयोग की ओर से जारी विशेष मतदाता पुनरीक्षण (एसआईआर) के कार्यक्रम की जानकारी देने के साथ ही उनकी भूमिका भी समझाई गई। इस मुहिम में विधानसभा स्तर पर संयोजकों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। बताया गया कि इस पुनरीक्षण अभियान के साथ ही पार्टी को भी अपने स्तर से मतदाता सूची दुरुस्त कराने के लिए जुटना होगा। विधानसभा स्तर पर बनाए गए संयोजकों को बीएलए-1 नाम दिया गया है। वहीं बूथ स्तर पर एक और बीएलए होगा, जिसे बीएलए-2 कहा जाएगा। दो स्तर पर काम करेंगे बीएलए कार्यशाला में निर्देश दिए कि सभी बीएलए-1 बैठक करके बीएलए-2 के साथ समन्वय स्थापित करेंगे। उसके बाद आम नागरिकों और निर्वचान आयोग से समन्वय करते हुए बीएलए-1 और पार्टी कार्यकर्ता घर-घर जाएंगे। मतदाता सूची की पड़ताल करेंगे। यदि किसी मतदाता का निधन हो गया है या वो किसी दूसरी विधानसभा में चला गया है, तो उसका नाम कटवाने के लिए निर्वचान आयोग में अपील करेंगे। खासतौर से 2003 के बाद जुड़े नए मतदाताओं की ठीक से पड़ताल करने को कहा गया है। कोई फर्जी मतदाता है तो उसका नाम सूची से कटवाने के लिए प्रयास करेंगे। वहीं जो युवा नए मतदाता बने हैं या फिर कहीं बाहर से आकर वहां का निवासी बना है, तो उसका नाम सूची में जुड़वाएंगे। इस अभियान की प्रदेश टोली में प्रदेश महामंत्री व एमएलसी गोविंद नारायण शुक्ला, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल व संजीव शर्मा को रखा गया है। अभियानों की तैयारी बैठक में सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150 वीं जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ के भी 150 साल पूरे हो रहे हैं। इस मौके पर सात नवंबर को कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी और महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने कहा कि इन कार्यक्रमों और अभियानों में अधिक से अधिक भागेदारी करके सफल बनाएं।