
लखनऊ में BJP विधायक को पहुंचना पड़ा थाने, तब जाकर हुई कार्रवाई
Lucknow News - बीकेटी के भाजपा विधायक योगेश शुक्ला ने महिंगवा थाने के दरोगा और सिपाही पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। विधायक ने कहा कि दरोगा ने एक कार्यकर्ता की बाइक को बिना वजह सीज कर दिया और उसके कागजात कोर्ट नहीं भेजे। विधायक ने धरना दिया और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
लखनऊ के बीकेटी (बख्शी का तालाब) से भाजपा विधायक योगेश शुक्ला ने महिंगवा थाने के दरोगा धीरेंद्र राय और सिपाही पप्पू कुशवाहा पर भ्रष्टाचार और अवैध वसूली का गंभीर आरोप लगाया है। गुरुवार शाम को विधायक अपने समर्थकों के साथ सीधे थाने पहुँच गए और धरने पर बैठ गए। उन्होंने आरोप लगाया कि दरोगा धीरेंद्र राय ने उनके एक कार्यकर्ता अजय की बाइक, जिसके कागजात पूरे थे, सीज कर दी। विधायक का दावा है कि वसूली के चक्कर में एक हफ्ते तक बाइक के कागज कोर्ट नहीं भेजे गए, जिससे कार्यकर्ता परेशान हो रहा है।
विधायक ने दूसरा आरोप लगाया कि पहाड़पुर के एक व्यक्ति, गनेश, का चोरी हुआ मोबाइल बरामद होने के बाद उसे वापस देने के लिए सिपाही पप्पू कुशवाहा द्वारा दो हजार रुपये मांगे जा रहे थे। जब विधायक ने इस मामले में दरोगा धीरेंद्र राय से बात की, तो दरोगा ने कथित तौर पर कहा कि उन्होंने अजय की बाइक का चालान इसलिए किया क्योंकि उन्हें 'चालान का टारगेट' पूरा करना था। विधायक योगेश शुक्ला ने स्पष्ट कहा कि जब तक दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई नहीं होगी, तब तक वह थाने से नहीं हटेंगे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए, डीसीपी उत्तरी गोपाल कृष्ण चौधरी ने तत्काल हस्तक्षेप किया। उन्होंने विधायक से फोन पर बात करने के बाद, आरोपी दरोगा धीरेंद्र राय और कंप्यूटर ऑपरेटर पप्पू कुशवाहा को लाइन हाजिर कर दिया। डीसीपी ने बताया कि पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच एसीपी बीकेटी को सौंप दी गई है और उनकी रिपोर्ट के आधार पर दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ आगे विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




