ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश लखनऊभाजपा के चार साल जीरो, देशवासियों के लिए घोर निराशा: अखिलेश यादव

भाजपा के चार साल जीरो, देशवासियों के लिए घोर निराशा: अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि केंद्र की भाजपा सरकार के चार साल देशवासियों के लिए घोर निराशा के रहे हैं। जनता का क्रोध आक्रोश बन गया है। उसके...

भाजपा के चार साल जीरो, देशवासियों के लिए घोर निराशा: अखिलेश यादव
विशेष संवाददाता,लखनऊ Sat, 26 May 2018 08:29 PM
ऐप पर पढ़ें

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि केंद्र की भाजपा सरकार के चार साल देशवासियों के लिए घोर निराशा के रहे हैं। जनता का क्रोध आक्रोश बन गया है। उसके विस्फोट का सन् 2019 के चुनावों में भाजपा को सामना करना पड़ेगा।

अखिलेश ने कहा कि लंबे चौड़े वादों से मतदाताओं को सम्मोहित कर भाजपा ने सत्ता तो हथिया ली लेकिन वह जन अपेक्षाओं पर किसी भी तरह खरी नहीं उतरी है। अखिलेश ने शनिवार को जारी बयान में कहा कि समाज को बांटने की राजनीति के हावी रहते विकास की धारा अवरुद्ध होती गई है। मोदी सरकार को ' जीरो-डिलेवरी सरकार ' कहा जाए तो अनुचित नहीं होगा।

आम आदमी का जीना दूभर
चार साल में आर्थिक कुप्रबंधन के चलते आम आदमी का जीना दूभर हो गया है। नोटबंदी व जीएसटी के कारण कृषि, व्यापार सभी चौपट हुए हैं और रोजगार सृजन की जगह नौकरियों से बड़े पैमाने पर कर्मचारियों की छंटनी हुई है। दो करोड़ रोजगार पाने की नौजवानों की आशा बुरी तरह धूमिल हुई है। कहां तो वादा था कि फसल का डेढ़ गुना दाम मिलेगा और कहां अब उत्पादन लागत भी किसान को नहीं मिल रही है। कर्ज में डूबे किसान को आत्महत्या के अलावा दूसरा कोई रास्ता नहीं सूझ रहा है।

असहिष्णुता का भयानक दौर
केंद्र में भाजपा के चार साल में असहिष्णुता का भयानक दौर रहा है। दलितों व अल्पसंख्यकों में असुरक्षा, संवैधानिक संस्थानों के साथ मनमानी, विपक्ष के प्रति तिरस्कार की भावना, विरोधी आवाज पर क्रूर दमनात्मक कार्यवाही और संविधान की अनदेखी रोजमर्रा की बात बन गई है। आरएसएस के रिमोट से संचालित भाजपा ने लोकतंत्र की सभी मान्यताओं और स्वतंत्रता आंदोलन के आदर्शों को ध्वस्त करने का काम किया है। भाजपा सरकार के चार सालों में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर सबसे ज्यादा प्रहार हुए है। राजनीति में भाषा की शिष्टता और आचरण की शालीनता का पक्ष प्रभावित हुआ है। सत्तामद में दंभ की भाषा का प्रयोग और बदले की भावना से कामकाज जनता के विश्वास के साथ छल है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें