Lucknow News: एलएसए कंपनी के खिलाफ भाजपा पार्षदों का दूसरे दिन भी प्रदर्शन, सफाई व्यवस्था पर फूटा गुस्सा
Lucknow News: शहर की सफाई व्यवस्था की बदहाली पर भाजपा पार्षदों ने नगर निगम मुख्यालय में विरोध प्रदर्शन किया। पार्षदों ने एलएसए कंपनी पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए कहा कि कई वार्डों में सफाई व्यवस्था ध्वस्त है। नगर आयुक्त से मुलाकात न होने पर पार्षदों ने भाजपा नगर अध्यक्ष से बैठक बुलाने की मांग की।

Lucknow News: शहर की बदहाल सफाई व्यवस्था को लेकर मंगलवार को भी नगर निगम मुख्यालय में भाजपा पार्षदों का गुस्सा खुलकर सामने आया। महानगर वार्ड के पार्षद हरिश्चंद्र लोधी और गोमती नगर वार्ड के पार्षद कौशल पांडे नगर आयुक्त गौरव कुमार के कार्यालय के बाहर पहुंचे और सफाई कार्य संभाल रही एलएसए कंपनी के खिलाफ जोरदार विरोध दर्ज कराया। पार्षदों ने आरोप लगाया कि एलएसए कंपनी की लापरवाही से कई वार्डों में सफाई व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद उसे लगातार काम दिया जा रहा है। कंपनी न तो नियमित रूप से घरों और बाजारों से कूड़ा उठा रही है और न ही पड़ाव स्थलों की सफाई कर रही है। जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं, जिससे लोगों को दुर्गंध और गंदगी का सामना करना पड़ रहा है। पार्षदों का आरोप है कि कई बार शिकायतों के बावजूद कंपनी की कार्यप्रणाली में कोई सुधार नहीं हुआ है。
नगर आयुक्त से नहीं हो सकी मुलाकात
भाजपा पार्षद हरिश्चंद्र लोधी, कौशल पांडे, मुसब्बिर अली मंशू और प्रियंका बाजपेई मंगलवार सुबह नगर निगम मुख्यालय पहुंचे थे। उनका उद्देश्य नगर आयुक्त से मिलकर सफाई व्यवस्था की शिकायत करना था, लेकिन पार्षदों के अनुसार नगर आयुक्त कार्यालय में मौजूद नहीं थे, जिससे उनकी मुलाकात नहीं हो सकी।
भाजपा नगर अध्यक्ष से बैठक बुलाने की मांग
इसके बाद सभी पार्षद भाजपा नगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी से मिलने पहुंचे और सफाई व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं को विस्तार से रखा। आनंद द्विवेदी ने पार्षद दल के उपनेता मुन्ना मिश्रा से बातचीत कर जल्द बैठक बुलाने और समस्याओं के समाधान की दिशा में कदम उठाने का आश्वासन दिया।
चेतावनी, नहीं हटी कंपनी तो फिर होगा धरना
पार्षदों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि एलएसए कंपनी की कार्यप्रणाली में सुधार नहीं हुआ और उसे हटाने पर विचार नहीं किया गया, तो वे दोबारा नगर आयुक्त कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन करेंगे।


