मधुमक्खियों के हमले से महिला सहित चार लोग घायल, सीएचसी संग्रामपुर में इलाज जारी
Lucknow News - अमेठी के संग्रामपुर क्षेत्र में मधुमक्खियों के हमले में एक महिला सहित चार लोग घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती किया गया है। घटना के समय तीन लोग मोटरसाइकिल से दवा कराने जा रहे थे, तभी मधुमक्खियों ने उन पर हमला कर दिया। सभी का इलाज चल रहा है।
अमेठी,संवाददाता। संग्रामपुर क्षेत्र में मधुमक्खियों के झुंड के हमले से एक महिला सहित चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) संग्रामपुर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। जानकारी के अनुसार संग्रामपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सभा इटौरी निवासी 68 वर्षीय जुग्गीलाल पुत्र गिरधारी को दवा कराने के लिए महेंद्र और सुरेंद्र पुत्रगण राम किशोर (उम्र लगभग 28 और 32 वर्ष) मोटरसाइकिल से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संग्रामपुर ले जा रहे थे। रास्ते में इटौरी से वंशवनपटी जाने वाले मार्ग पर आम की घनी बगिया के पास अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने तीनों को घेर लिया।
मधुमक्खियों ने तीनों पर हमला करते हुए कई बार डंक मार दिए, जिससे वे घायल हो गए।घटना के समय उसी बाग में तुलापुर निवासी खुशनुमा पुत्री इरशाद अली भी बकरी चरा रही थीं। मधुमक्खियों के झुंड ने उन्हें भी निशाना बनाया, जिससे वह भी घायल हो गईं। मधुमक्खियों के अचानक हमले से वहां अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों की मदद से सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।घटना के बाद चारों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संग्रामपुर लाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम द्वारा उनका इलाज किया जा रहा है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संग्रामपुर के प्रभारी डॉ. संतोष सिंह ने बताया कि मधुमक्खियों के काटने से एक महिला सहित चार लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को आवश्यक उपचार दिया गया है और फिलहाल उनकी स्थिति में सुधार बताया जा रहा है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


