डिप्टी मैनेजर ने खुद को गोली मारकर दी जान, जांच जारी
Lucknow News - लखनऊ के गुडंबा क्षेत्र में एक बैंक अधिकारी काजी अहमद जैद ने खुद को गोली मारकर जान दी। उन्हें लहूलुहान हालत में पाया गया। जैद की पत्नी ने पुलिस को सूचना दी। प्रारंभिक जांच में बैंक से जुड़ी अनियमितताओं की आशंका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
लखनऊ, संवाददाता। राजधानी के गुडंबा क्षेत्र में एक बैंक अधिकारी ने खुद को गोली मारकर जान दे दी। घटना के समय वह कमरे में अकेले थे। काफी देर तक बाहर न आने पर परिजन जब अंदर पहुंचे, तो उन्हें खून से लथपथ हालत में पाया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पूरे मामले की जांच जारी है। मृतक की पहचान काजी अहमद जैद (32) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से गोरखपुर के रहने वाले थे। वह लखनऊ के आदिल नगर, कल्याणपुर (गुडंबा) में परिवार के साथ रह रहे थे और अलीगंज स्थित एक्सिस बैंक में डिप्टी मैनेजर के पद पर कार्यरत थे।
सोमवार सुबह करीब 9 बजे उन्होंने अपने घर की पहली मंजिल पर स्थित कमरे में 32 बोर की पिस्टल से खुद को गोली मार ली।काफी समय तक नीचे न आने पर उनकी पत्नी तैयबा उन्हें देखने ऊपर गईं। पति जैद को लहूलुहान हालत में देखकर वह घबरा गईं। उन्होंने तुरंत शोर मचाया और पुलिस को सूचना दी। परिजनों के अनुसार, जैद दो दिन पहले गोंडा में एक रिश्तेदारी के शादी समारोह में शामिल होने गए थे और रविवार रात घर लौटे थे। लौटने के बाद सभी लोग अपने-अपने कमरों में चले गए। अगले दिन सुबह उनकी पत्नी रोजाना की तरह घर के काम में लग गईं और नीचे थीं, तभी यह घटना हो गई।प्रारंभिक जांच में बैंक से जुड़े किसी गड़बड़ी या वित्तीय अनियमितता की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है, ताकि आत्महत्या के पीछे की असली वजह का पता लगाया जा सके।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


