ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश लखनऊबलरामपुर : लूट करने आए अपराधियों ने युवक को मारी गोली

बलरामपुर : लूट करने आए अपराधियों ने युवक को मारी गोली

सशस्त्र बदमाशों ने थाना क्षेत्र के छतुआपुर, बदलपुर उदईपुर व कोहड़ौरा गांवों में शनिवार रात जमकर उत्पात मचाया। बदमाशों से भिड़े युवक को गोली मार दी गई। दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग भी की। बदमाशों...

बलरामपुर : लूट करने आए अपराधियों ने युवक को मारी गोली
हिन्दुस्तान संवाद,महराजगंज तराई (बलरामपुर)Sun, 22 Oct 2017 04:57 PM
ऐप पर पढ़ें

सशस्त्र बदमाशों ने थाना क्षेत्र के छतुआपुर, बदलपुर उदईपुर व कोहड़ौरा गांवों में शनिवार रात जमकर उत्पात मचाया। बदमाशों से भिड़े युवक को गोली मार दी गई। दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग भी की। बदमाशों की गोली से घायल युवक को बहराइच रेफर किया गया है। दो घरों में डकैती का प्रयास विफल रहा, जबकि बदमाश एक घर से जेवरात व नकदी लूट ले गए। गांव में पुलिस बल तैनात है। 
छतुआपुर निवासी असलम पुत्र मुनव्वर पत्नी जैतुन्निशा व दो पुत्रों के साथ घर के बरामदे में सोए थे। रात करीब सवा दो बजे अचानक उनकी नींद टूट गई। वह पानी पीने के लिए उठे। देखा कि घर के बगल गली से एक व्यक्ति निकल रहा है। असलम ने उसे रुकने के लिए आवाज दी। उसके नहीं रुकने पर असलम ने पीछा किया। थोड़ी दूर जाकर उसे पकड़ लिया। पकड़े गए व्यक्ति ने आवाज लगाई। साथी की आवाज सुनकर तीन बदमाश और आ गए। वे असलम को लात-घूसों से पीटने लगे। असलम के पिता मुनव्वर रिटायर्ड फौजी हैं। बेटे की पुकार सुनकर वह मौके पर पहुंचे और बदमाशों से भिड़ गए। इसी बीच गन्ने के खेत में छुपकर बैठे दो बदमाश और आ गए। एक ने असलम पर 12बोर तमंचे से फायर कर दिया। गोली असलम के दाहिने कंधे पर लगी। उसके गिरते ही बदमाश खेत से होकर भाग निकले।
ग्रामीणों ने बदमाशों का पीछा किया लेकिन वे नहीं मिले। असलम के घर के पीछे का दरवाजा खुला मिला। यूपी डायल 100 को सूचना दी गई। आरोप है कि डेढ़ घंटे बाद तक पुलिस घटनास्थल पर नहीं पहुंची। बाद में दलबल के साथ पहुंचे प्रभारी निरीक्षक राम शंकर तिवारी ने बदमाशों की खोजबीन शुरू की। असलम को बलरामपुर मेमोरियल चिकित्सालय से बहराइच रेफर किया गया है। छतुआपुर गांव के लोग घटना से भयभीत हैं। गांव में पुलिस लगाई गई है। 
उदईपुर से ले उड़े नकदी व जेवर
दूसरी घटना छतुआपुर के मजरे बदलपुर उदईपुर गांव में रात करीब पौने तीन बजे हुई है। मोहिद व अन्य परिवारीजन घर के बाहर सोए थे। उनकी पत्नी व बहू घर में थीं। घर के पीछे आम का पेड़ है। पेड़ से उतर कर छत पर पहुंचे बदमाश आंगन में उतर आए। कमरे में रखा दो बक्सा उठाकर जाने लगे तो मोहिद के पत्नी की नींद टूट गई। शोर सुनकर दौड़े मोहिद को बदमाशों ने धमकाया। दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग भी की। ग्रामीणों ने बदमाशों का पीछा किया लेकिन उन्हें पकड़ नहीं सके। मोहिद ने बताया कि बक्से में पांच हजार रुपए नकद व कुछ जेवरात थे। 
तीसरी घटना रात करीब डेढ़ बजे कोहड़ौरा गांव में हुई है। गजाधर अपने बरामदे में लेटे थे। दरवाजे के सामने कड़ाही रखी थी। घर में घुसते समय कड़ाई में पैर फंसने के चलते बदमाश गिर गया। गजाधर के शोर मचाने पर बदमाश कड़ाही लेकर भाग निकला। वही कड़ाही छतुआपुर में असलम के घर के पास पड़ी मिली है। 
सीओ ने लिया घटनास्थल का जायजा
सीओ नितेश कुमार सिंह ने तीनों गांवों का जायजा रविवार सुबह छह बजे लिया। घटनास्थलों का बारीकी से निरीक्षण किया गया है। जांच में पाया गया है कि तीनों घटनाओं को एक ही गिरोह ने अंजाम दिया है। सभी बदमाश मुंह ढंके हुए थे। प्रतीत होता है कि घटना में आसपास के लोग शामिल हैं। खेत से होकर भागने से यह स्पष्ट होता है कि घटना में ऐसे लोग शामिल थे जो उस स्थान पर कई बार आए गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की घटना पहले कभी नहीं हुई है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि गांव में पुलिस लगाई गई है। बदमाशों की पहचान कराई जा रही है। उन्हें शीघ्र ही पकड़ा जाएगा। मुनव्वर की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध केस दर्ज किया गया है। 

 

 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें