ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश लखनऊबलरामपुर : रामदयाल का साथी निकला उसका हत्यारा

बलरामपुर : रामदयाल का साथी निकला उसका हत्यारा

बलरामपुर जिले में राम दयाल की हत्या पैसे के लेनदेन विवाद में हुई थी। यह हत्या उसके करीबी ने अपने दोस्त के साथ मिलकर की थी। हत्या के बाद पहचान छुपाने के लिए रामदयाल के चेहरे को पेट्रोल डालकर जलाया था।...

बलरामपुर : रामदयाल का साथी निकला उसका हत्यारा
निज संवाददाता,बलरामपुर। Sat, 25 May 2019 03:38 PM
ऐप पर पढ़ें

बलरामपुर जिले में राम दयाल की हत्या पैसे के लेनदेन विवाद में हुई थी। यह हत्या उसके करीबी ने अपने दोस्त के साथ मिलकर की थी। हत्या के बाद पहचान छुपाने के लिए रामदयाल के चेहरे को पेट्रोल डालकर जलाया था। ललिया पुलिस ने रामदयाल के कातिल को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में सहयोग देने वाले व्यक्ति की तलाश चल रही है। हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी व मृतक की बाइक पुलिस ने बरामद कर ली है। 

19 मई को ललिया थाना क्षेत्र स्थित लैबुड़वा खरझार नाले के निकट निर्माणाधीन नहर पटरी पर अज्ञात युवक का अधजला शव मिला था। हत्या के बाद पहचान छुपाने के लिए शव को जलाने का प्रयास किया गया था। मामले की विवेचना ललिया के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार को सौंपी गई थी। हत्या का राजफाश करने के लिए सर्विलांस व क्राइम ब्रांच की टीम को भी लगाया गया था। तीसरे दिन शव की पहचान तुलसीपुर थाना के धंधरा निवासी राम दयाल यादव (35) पुत्र सुखराज यादव के रूप में हुई थी। रामदयाल यादव के घर वालों को उसके रहने का ठिकाना नहीं मालूम था। इतना पता था कि वह हर्रैया क्षेत्र में कहीं झोलाछाप डाक्टरी करता है।

एसपी अनुराग आर्य के मुताबिक राम दयाल शिवपुरा बाजार में दुकान करता था। वह जमीन खरीदने व बेचने में बिचौलिए का काम करता था। ललिया थाना के इलाइचीनगर निवासी अनिल सोनी पुत्र देवेन्द्र से उसकी पुरानी जान पहचान थी। वह अनिल के साथ मिलकर ही जमीन का काम करता था। कुछ माह पूर्व एक जमीन के मामले में रामदयाल को अच्छा मुनाफा हुआ था। उसने अनिल को हिस्सा नहीं दिया। इस बात को लेकर दोनों में अनबन हो गई थी। बाद में रामदयाल के मुनाफे में हिस्सा देने के आश्वासन पर दोनों के बीच सुलह हो गई। अनिल ने कई बार पैसा मांगा लेकिन रामदयाल बहाना बनाता रहा। इस बात पर नाराज अनिल ने रामदयाल को रास्ते से हटाने की योजना दोस्त के साथ मिलकर बनाई। 

जमीन दिखाने के बहाने रामदयाल को नहर तक ले गए
19 मई की शाम अनिल जमीन दिखाने के बहाने रामदयाल को अपने साथ ले गया। उसने हर्रैया में अग्रेजी शराब खरीदी। शव को जलाने के लिए एक ढाबली से पेट्रोल भी खरीद लिया था। नहर किनारे बैठाकर रामदयाल को शराब पिलाई। उसके नशे में होने पर डिग्गी से कुल्हाड़ी निकालकर कई वार किए। उसके मर जाने के बाद चेहरे पर पेट्रोल डालकर जला दिया। बताया जाता है कि हत्या के बाद वे खैरहनिया गांव के रास्ते मुख्य सड़क पर आए थे। उस दिन खैरहनिया गांव में किसी के घर शादी थी। वहां प्रोजेक्टर पर फिल्म चल रही थी। दोनों कुछ देर तक वहां रुके। वहीं रामदयाल का फोन तोड़कर फेंक दिया। कुल्हाड़ी भी आस पास छुपा दी। 

सर्विलांस सेल ने ट्रेस किया अभियुक्त का लोकेशन 
पुलिस को शुरू से ही अनिल सोनी पर संदेह था। घटना के बाद वह फरार हो गया था। सर्विलांस सेल ने शुक्रवार दोपहर डेढ़ बजे उसका लोकेशन ट्रेस कर लिया। वह थाना क्षेत्र में ही था। प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार, सर्विलांस सेल के निरीक्षक अली हमजा सिद्दीकी, क्राइम ब्रांच के निरीक्षक सुरेन्द्र शर्मा, उपनिरीक्षक रमेश मिश्रा, हेड कांस्टेबल कुंज बिहारी, संतोष सिंह, कांस्टेबल ओम प्रकाश, कर्मवीर, रोहित शुक्ला व अखिलेश खरवार ने उसे घेरकर पकड़ लिया। पूछताछ में अनिल ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। अभियुक्त को पुलिस ने शनिवार को जेल भेजा है। 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें